मिल एरिया थाना क्षेत्र के तकिया चौराहे पर सर्राफा दुकान में हुई चोरी की घटना के बाद टूटे हुए शट
अमावां। रायबरेली-अयोध्या हाईवे स्थित तकिया चौराहे पर सोमवार रात सराफा की पांच दुकानों से करीब 10 लाख कीमत के जेवरात चोरी हो गए। चोर सीसीटीवी कैमरे व डीवीआर तक उठा ले गए। मंगलवार सुबह घटना की जानकारी से व्यापारियों में आक्रोश व्याप्त हो गया। सीसीटीवी कैमरे में चोरी करते हुए चोर कैद हो गए। इस घटना ने स्थानीय पुलिस की रात्रिगश्त की कलई खोल दी है।
तकिया चौराहे पर पांच सराफा की दुकानें हैं। देर शाम दुकानें बंद करके व्यापारी घर चले गए थे। देर रात चोरों ने बलराम ज्वेलर्स, अनीता ज्वेलर्स, शुभम ज्वेलर्स, प्रिया ज्वेलर्स और पंकज ज्वेलर्स का शटर काटकर अंदर प्रवेश किया। इसके बाद चोरों ने करीब दो किलो चांदी के अलावा सोने के जेवरात चुरा लिए। पीड़ित सराफा दुकानदारों के मुताबिक करीब 10 लाख कीमत के जेवरात चोरी गए हैं।
सुबह करीब आठ बजे व्यवसायी दुकान पर पहुंचे तो काटे गए शटर देखे तो दंग रह गए। व्यापारियों का मौके पर मजमा जुट गया। सभी ने स्थानीय पुलिस की रात्रिगश्त पर ढिलाई बरतने का आरोप लगाते हुए जल्द चोरी की घटना का खुलासा करने की मांग की। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। इस दौरान दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में कई चोर चोरी करते हुए दिखे।
मिल एरिया थाना प्रभारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले में एफआईआर दर्ज की जाएगी। अपर पुलिस अधीक्षक आलोक सिंह ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। धरपकड़ के लिए मिल एरिया पुलिस के अलावा एसओजी टीम लगाई गई है। जल्द चोरी की घटना का खुलासा किया जाएगा।
असलहों से लैस थे चोर
सराफा की दुकानों पर चोरी की घटना को अंजाम देने वाले चोर असलहों से लैस थे। सीसीटीवी फुटेज में उनके हाथों में असलहे देखे गए हैं। ऐसे में घटना में शामिल चोरों के शातिर चोर गिरोह के सदस्य होने की आशंका है। खास बात ये है कि चोरों के पास दुकानों के काटने के लिए औजार भी थे।