लालगंज (रायबरेली)। कस्बे के सराफा मंडी मोहल्ला निवासी आभूषण कारोबारी गौरव सोनी ने बरदाही मोहल्ला के एक युवक पर 43 हजार रुपये के गहने हड़पने का आरोप जड़ा है। गौरव सोनी ने बताया कि 16 मार्च को निहाल उर्फ सूरज गुप्ता उनकी दुकान पर आया और जन्मदिन का हवाला देकर सोने की अंगूठी, हाफ पेटी, झाली, लॉकेट समेत अन्य गहने खरीदे।
दुकानदार ने बताया कि आरोपी युवक ने एक दो दिन में रुपये चुका देने का भरोसा दिया, लेकिन लंबे समय तक भुगतान नहीं किया। जब उसने बकाया रकम मांगी, तो आरोपी टालमटोल करने लगा। पहले एक बार आरोपी व उसके परिवारीजनों की मौजूदगी में आपसी समझौते की बात हुई थी, लेकिन तय समय पर रुपया न मिलने पर गौरव ने पुलिस अधीक्षक के जनता दर्शन में न्याय की गुहार लगाई। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर कोतवाली प्रभारी प्रमोद कुमार सिंह ने आरोपी युवक के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।