शांती नगर मोहल्ले में मंगलवार को चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान।
- फोटो : शांती नगर मोहल्ले में मंगलवार को चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान।
लालगंज । कस्बे के बाबा का पुरवा शांति नगर मोहल्ले में गत सोमवार रात चोरों ने बंद मकान को निशाना बनाया। चोर घर से करीब छह लाख रुपये कीमत के सोने-चांदी के जेवर और नकदी उठा ले गए। मंगलवार सुबह घर लौटे परिवार को लोगों को घर में चोरी होने की जानकारी हुई। वहीं व्यापारियों ने इस घटना के बाद पुलिस की निगरानी व सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
मोहल्ला निवासी अजय सोनी ने बताया कि सोमवार को वह अपने परिवार के साथ रिश्तेदार के घर गए थे। मंगलवार को करीब छह बजे वह घर पहुंचे, तो मुख्य दरवाजा अंदर से बंद मिला। किसी तरह अंदर दाखिल हुए तो घर में सामान बिखरा पड़ा था। यह देखकर उनके होश उड़ गए। अजय ने बताया कि चोर दरवाजे की कुंडी तोड़कर घर के अंदर घुसे। चोरों ने कमरे में रखी अलमारी का लॉकर चाबी से खोलकर लगभग 24 ग्राम सोने के जेवर, सवा किलो चांदी के आभूषण, 30 हजार रुपये नकद और बच्चे के रुपयों से भरा गुल्लक चोरी कर ली। पीड़ित के मुताबिक चोरी किए गए सामान की कीमत करीब पांच से छह लाख रुपये है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की।
चोरी की घटना के बाद से नगर के लोगों में नाराजगी और डर का माहौल है। नगर के व्यापारियों ने लगातार हो रही चोरी और टप्पेबाजी की घटनाओं पर रोष व्यक्त किया। उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के नगर अध्यक्ष विवेक शर्मा, रोहित सोनी, मृत्युंजय वाजपेयी, कौशलेंद्र कंचन, शिवम गुप्ता, परवेज, कृष्णा गुप्ता और गोपालजी ने कहा कि लगातार बढ़ती चोरी की वारदातों से व्यापारी सहमे हुए है। उन्होंने पुलिस गश्त और निगरानी पर भी सवाल उठाए। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि चोरी होने का मामला संज्ञान में आया है। जांच की जा रही है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।