लालगंज। सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर युवक से 70 हजार रुपये ठग लिए गए। जब युवक ने आरोपी से रुपया वापस मांगा तो उसके साथ मारपीट की गई। कुंडवल निवासी सूरज ने बताया कि पलिया बिरसिंहपुर गांव निवासी महेंद्र पासवान ने उन्हें सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा दिया। उसकी बातों पर भरोसा जताते हुए 70 हजार रुपये दे दिए। पीड़ित का आरोप है कि कई महीने बीत जाने के बाद न तो नौकरी मिली और न ही पैसे वापस मिले। रुपये लौटाने की बात कही तो आरोपी ने गालीगलौज करते हुए पिटाई की धमकी दी। सूरज ने घटना की शिकायत कोतवाली पुलिस से की। पुलिस ने जांच के बाद महेंद्र पासवान के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है। प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि केस दर्ज कर लिया गया है। आरोपी की तलाश की जा रही है।