शिवगढ़ थाना क्षेत्र में सोमवार को बारातियों से भरी एक जीप ने साइकिल सवार बच्ची को कुचल दिया, जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं उसका मासूम भाई व नाना घायल हो गये। हालत गंभीर होने पर भाई को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
हादसे में अपने भाई के साथ दूसरी साइकिल पर सवार बच्चों की मां बाल-बाल बच गई। बच्चों के साथ मां मकर संक्रांति में मायके आई थी और ससुराल बाराबंकी जा रही थी, तभी हादसा हुआ। घटना के बाद चालक जीप लेकर फरार हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लिया।
शिवगढ़ थाना क्षेत्र के गोड़िया मजरे रामपुर टिकरा गांव निवासी बाबूलाल (50) किसानी करता है। उसकी बेटी ऊषा की शादी बाराबंकी जिले के हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत रौला गांव में हुई है। मकर संक्रांति पर ऊषा बच्चों के साथ मायके आई थी।
सोमवार को पिता और भाई के साथ ससुराल जा रही थी। एक साइकिल पर उसके पिता बाबूलाल, बेटी महक (6), भाई मयंक (4) थे, जबकि वह दूसरी साइकिल पर भाई आशीष के साथ थी। हलोर-तिलेंडा मार्ग पर पहुंचे कि हलोर मोड़ व ठाकुरपुर गांव के पास बारातियों से भरी एक जीप ने साइकिल सवार बाबूलाल को टक्कर मार दी।
इससे सभी सड़क पर गिर गए और अनियंत्रित जीप जीप महक व मयंक को कुचलते हुए आगे बढ़ गई। हादसे में बच्ची महक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका भाई मयंक व नाना बाबूलाल घायल हो गए।
दूसरी साइकिल पर सवार मां व उसका भाई बाल-बाल बच गए। हादसे की जानकारी पर आसपास के लोगों का मजमा लग गया। पुलिस भी पहुंच गई। घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया, जहां मासूम मयंक की हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
थानेदार अरविंद सरोज का कहना है कि तहरीर मिली है। रिपोर्ट दर्ज कर वाहन चालक की तलाश की जा रही है। बच्ची का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।