हरचंदपुर थाना क्षेत्र में सोमवार शाम लखनऊ-इलाहाबाद राजमार्ग पर एक बेकाबू बोलेरो पेड़ से टकराने के बाद खड्ड में जा गिरी। इससे उस पर सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई। जबकि युवक घायल हो गया। यह दर्दनाक हादसा उस समय हुआ, जब सभी लखनऊ से घर लौट रहे थे।
हादसे में वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने शवों को बाहर निकाला। घायल युवक को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी भी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने लिखापढ़ी के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गदागंज थाना क्षेत्र के दमन का पुरवा निवासी एवं रिटायर्ड शिक्षक सुरेंद्र बहादुर सिंह (70) की पोती की इसी माह 21 अप्रैल को शादी है। उनका बेटा शिवसरन सिंह उर्फ भीम सिंह (40) नेवी से रिटायर्ड होने के बाद शिक्षा विभाग में नौकरी पा गया था।
पोती की शादी होने पर सुरेंद्र, अपने बेटे भीम और पोते सूरज (21) के साथ लखनऊ कैंटीन सामान खरीदने गये थे। देर शाम सभी बोलेरो पर सवार होकर घर लौट रहे थे। गाड़ी पोता सूरज चला रहा था। बताया जा रहा है कि गाड़ी की रफ्तार तेज थी।
हरचंदपुर थाना क्षेत्र के खुचमा गांव के पास बोलेरो अनियंत्रित होकर बबूल के पेड़ से जा टकराकर खड्ड में जा गिरी। दर्दनाक हादसे में बोलेरो पर सवार सुरेंद्र बहादुर सिंह और उनके बेटे भीम सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसका पोता सूरज गंभीर रूप से घायल हो गया।
थानेदार अरुण शुक्ला फोर्स के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने गाड़ी से पिता-पुत्र के शवों को बाहर निकाला। साथ ही घायल सूरज को जिला अस्पताल भिजवाया। थानेदार का कहना है कि बोलेरो अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराने के बाद खड्ड में जा गिरी। इससे पिता-पुत्र की मौत हो गई, जबकि एक युवक घायल हुआ। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है।
वहीं जिस घर में शादी की खुशियां चल रही थी और हंसी ठिठौली हो रही थी। वहां पलभर में न सिर्फ सन्नाटा पसर गया, बल्कि चीखें गूंज पड़ी। किसी को भरोसा ही नहीं हो रहा था कि सुबह सब लोग तो ठीक-ठाक लखनऊ गए थे और फिर यह सब कैसे हो गया। परिवारीजनों के आंसू नहीं थम रहे हैं। दुखद घटना से न सिर्फ परिवारीजन, बल्कि ग्रामीण भी गमजदा हैं।