रायबरेली। जिले से होकर गुजरने वाली ट्रेनों के संचालन पर मौसम का असर पड़ने लगा है। बनारस से देहरादून जाने वाली जनता मेल सोमवार को निरस्त रही। नई दिल्ली से मालदा टॉउन जाने वाली ट्रेन ने सवा पांच घंटे इंतजार कराया। कई अन्य ट्रेनों के भी देर से आने के कारण यात्री परेशान हुए।
हावड़ा से अमृतसर जाने वाली पंजाब मेल व पुरी से आनंद विहार जाने वाली नीलांचल एक्सप्रेस पौने दो घंटे, चंडीगढ़ से प्रयागराज जाने वाली ऊंचाहार एक्सप्रेस व प्रयागराज से कानपुर जाने वाली पैसेंजर ट्रेन एक घंटे और धनबाद से नई दिल्ली जाने वाली स्पेशल ट्रेन पौन घंटे देर से आई।
रविवार की रात प्रयागराज-लखनऊ पैसेंजर ने सवा चार घंटे इंतजार कराया। बरेली-प्रयागराज एक्सप्रेस व कानपुर-रायबरेली पैसेंजर एक घंटे और वाराणसी-लखनऊ इंटरसिटी एक्सप्रेस, कानपुर-प्रतापगढ़ इंटरसिटी एक्सप्रेस व प्रयागराज-सहारनपुर नौचंदी एक्सप्रेस पौन घंटे विलंब से पहुंची। यातायात निरीक्षक राजेश कुमार का कहना है कि सभी ट्रेनें पहले से लेट होने के कारण देर से आई हैं।
एक जोड़ी ट्रेन और हुई रद्द
रायबरेली। जिले से होकर गुजरने वाली एक जोड़ी और ट्रेन निरस्त कर दी गई है। यह ट्रेन नई दिल्ली और मालदा टॉउन के बीच हफ्ते में दो दिन संचालित होती है। मालदा टॉउन से नई दिल्ली जाने वाली ट्रेन का संचालन प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को होता है, जो 6 दिसंबर से 28 फरवरी तक निरस्त रहेगी। नई दिल्ली से मालदा टॉउन जाने वाली ट्रेन बृहस्पतिवार और रविवार को चलती है, जो 4 दिसंबर से 26 फरवरी तक नहीं चलेगी। उत्तर रेलवे लखनऊ के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कुलदीप तिवारी का कहना है कि कोहरे को देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।