रायबरेली। रेल महकमे में आए दिन कोई न कोई कार्य चलता रहता है, जिसके चलते ट्रेनों का संचालन सुचारु रूप से नहीं हो पा रहा है। आए दिन गाड़ियां निरस्त रहती हैं या फिर बदले हुए मार्गों से चलाई जाती हैं। ऐसे में यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। रविवार को भी दो महत्वपूर्ण ट्रेनें पंजाब मेल और जनता एक्सप्रेस नहीं आई। ये दोनों ट्रेनें डायवर्ट कर दी गईं। इससे यात्रियों को स्टेशन पर ही दूसरी ट्रेनों का इंतजार करना पड़ा।
लखनऊ से प्रतापगढ़ के बीच ट्रैफिक ब्लॉक लिया गया। कोई बड़ा कार्य तो नहीं कराया गया, लेकिन ट्रैफिक ब्लॉक लेकर दो महत्वपूर्ण ट्रेनों को डायवर्ट कर दिया गया, ताकि इस दरम्यान लखनऊ से प्रतापगढ़ के बीच अधूरे रह गए छोटे-छोटे कार्यों को पूरा कराया जाए। इस वजह से अमृतसर से हावड़ा के बीच फर्राटा भरने वाली दोनों फेरों की गाड़ियां 13005 और 13006 पंजाब मेल डायवर्ट की गई।
दोनों ही फेरों का संचालन लखनऊ से वाराणसी के बीच नहीं हुआ। इससे ये गाड़ियां रायबरेली नहीं आई। इसी तरह वाराणसी से देहरादून जाने वाली गाड़ी संख्या 14265 जनता एक्सप्रेस को भी डायवर्ट किया गया। यह गाड़ी भी वाराणसी से दूसरे मार्ग से होकर लखनऊ चली गई। सबसे ज्यादा दिक्कत लखनऊ जाने वाले यात्रियों को हुई, क्योंकि दोपहर में यही दो गाड़ियां चलती हैं।
मुरादाबाद मंडल के हरिद्वार-लक्सर सेक्शन में नान इंटरलॉकिंग के चलते रविवार से ट्रैफिक ब्लॉक ले लिया गया है। इस वजह से कई ट्रेनें प्रभावित रहेंगी। इनमें दो ट्रेनें रायबरेली से होकर गुजरती हैं। इलाहाबाद से हरिद्वार जाने वाली गाड़ी संख्या 14229 आज नहीं आई, जो 20 अक्तूबर तक निरस्त रहेगी।
इसी तरह हरिद्वार से इलाहाबाद लौटने वाली गाड़ी संख्या 14230 का संचालन 14 से 21 अक्तूबर तक रद्द रहेगा। वाराणसी से देहरादून जाने वाली गाड़ी संख्या 14265 जनता एक्सप्रेस 19 से 21 अक्तूबर तक, देहरादून से वाराणसी लौटने वाली गाड़ी संख्या 14266 जनता एक्सप्रेस 20 से 22 अक्तूबर तक निरस्त रहेगी। मुख्य जनसंपर्क अधिकारी दीपक कुमार ने बताया कि दूसरे रूटों की गाड़ियां भी रद्द की गई हैं।
रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहे यात्री राजेश पटेल और हरिकेश कुमार का कहना है कि पहले तो ट्रेनों की लेटलतीफी परेशान करती थी, लेकिन अब तो आए दिन गाड़ियों का निरस्त हो जाना आम बात हो गई है। शैलेश पटेल और नंदलाल ही काफी परेशान दिखे। बोले कि परिवार के साथ सफर करना मुश्किल हो रहा है। लंबी दूरी के लिए बस से सफर करना ठीक नहीं होता है। ट्रेनों की लेटलतीफी और आए दिन निरस्त किए जाने से बना बनाया प्लान चौपट हो जाता है।
स्टेशन अधीक्षक राकेश कुमार ने कहा कि ट्रेनों के संचालन में बदलाव का फैसला उच्च स्तर पर होता है। लखनऊ से प्रतापगढ़ तक मरम्मत और सुधार कार्य के छोटे-छोटे काम को पूरा करने के लिए ब्लॉक लिया गया था, जिसके चलते पंजाब मेल और जनता एक्सप्रेस ट्रेन डायवर्ट की गई। दूसरी तरफ हरिद्वार में भी बड़ा काम हो रहा है, जिससे कुछ ट्रेनें अगले हफ्ते भी प्रभावित रहेंगी।