बच्ची के साथ हैवानियत करने वाले को मिलेगी सजा
23 जूून 2021 को ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र में तीन साल की बच्ची के साथ हुई हैवानियत की घटना ने सभी को झकझोर दिया था। हर कोई मामले में त्वरित कार्रवाई के साथ पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की आवाज उठाने लगा। मामले में केस दर्ज किया गया। आरोपी हर्ष को जेल भेज दिया गया। अब एक माह आठ दिन में इस मामले में ऊंचाहार कोतवाल विनोद सिंह ने चार्जशीट लगा दी गई। ऐेसे में आरोपी को अब जल्द सजा मिल सकेगी। कोतवाल का कहना है कि एक साथ 34 विवेचनाओं का निस्तारण किया गया।
केस दो
30 दिन में विवेचना पूरी, लगी चार्जशीट
30 जून 2021 को मिल एरिया थाना क्षेत्र के जेरेखुवा मजरे मैनूपुर गांव के रहने वाले दिनेश बेड़िय़ा की हत्या कर दी गई। पुलिस ने आरोपी वकील, दिलीप, अल्ताफ और जाकिर को पकड़कर जेल भेज दिया। एसपी के मिले आदेश पर पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने के लिए मिल एरिया थानेदार आशुतोष त्रिपाठी ने महज एक माह में ही हत्या के मामले में चार्जशीट लगा दी। प्रेम-प्रसंग के चक्कर में युवक का कत्ल किया गया था। पुलिस की तेजी से पीड़ित परिवार को न्याय मिलने का रास्ता साफ हो गया है।
केस तीन
पहले प्रेम-प्रसंग, फिर किया था निकाह से इंकार
महराजगंज कोतवाली क्षेत्र में युवक ने पहले युवती को अपने प्यार के झांसे में फंसाया और फिर उसका यौन शोषण किया। बात निकाह की आई तो उसने निकाह करने से इंकार कर दिया। युवती कोतवाली पहुंची और 16 जुलाई 2021 को आरोपी मुजीम के खिलाफ केस दर्ज करा दिया। कोतवाल रेखा सिंह के प्रयास से महज 15 दिन में ही मामले में विवेचना पूरी करके आरोपी के खिलाफ चार्जशीट लगा दी गई। अब पीड़िता को मामले में न्याय मिल सकेगा और आरोपी को सजा भी हो सकेगी।
केस चार
चार दिन में ही पूरी हो गई विवेचना
शहर के अमीर नगर जानकारीपुरम निवासी मनोज कुमार, अहियारायपुर के राजेश त्रिवेदी, हनुुमंतमपुर निवासी श्रीमती सरोज सिंह के घर पर चोरी की घटना हुई थी। इसी माह सदर कोतवाल अतुल सिंह ने चोरी के मामले में आरोपी संदीप मौर्या निवासी रामकिशुनपुर को पकड़कर जेल भेजा था। पांच दिन में ही विवेचना पूरी हो गई और पुलिस ने मामले में आरोपी के खिलाफ चार्जशीट लगा दिया।
रायबरेली। किसी की अस्मत लूटी गई तो किसी का खून बहाया गया। अपनों के साथ हुए जुल्मों सितम से पीड़ित परिवार न्याय पाने के लिए इधर-उधर दौड़भाग करते रहे। विवेचनाओं का निस्तारण समय पर हो। विवेचक मामले के निस्तारण में किसी तरह का दबाव या फिर पैसे पीड़ित परिवारों से न ऐंठ सके, इसके लिए पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार की ओर से जुलाई माह में तीन दिन का विवेचना निस्तारण अभियान चलाया गया।
तीन दिन चले इस अभियान से 957 पीड़ित परिवारों को इंसाफ मिलने की उम्मीद जगी। वजह इन सभी के मामलों की विवेचना पूरी करते हुए चार्जशीट लगा दी गई। विवेचनाओं के निस्तारण के लिए एसपी ने थानेदारों को जिम्मेदारी दी, जिसका नतीजा रहा कि मामलों का निस्तारण तीन दिन में करा दिया गया।
पीड़ित परिवारों को इंसाफ दिलाने औैर आरोपियों को सजा दिलाने के लिए विवेचना निस्तारण के लिए तीन दिन का अभियान चलाया गया था। जिले के सभी 19 थानों पर 1300 विवेचनाएं लंबित थी। इसमें से 957 विवेचनाओं का निस्तारण कराते हुए चार्जशीट लगवाई गई। शेष विवेचनाओं के निस्तारण के लिए भी निर्देश दिए गए हैं।
श्लोक कुमार, एसपी