रायबरेली। बेसिक शिक्षा विभाग में एजुकेटर और अनुदेशकों के निर्धारित पदों पर चयन के लिए अब अभ्यर्थियों का साक्षात्कार होगा। इसके लिए कमेटी पहले ही बना दी गई थी। अब तिथियां भी तय कर दी गई हैं। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में साक्षात्कार की प्रक्रिया पूरी कराने के साथ दस्तावेजों का भौतिक सत्यापन भी कराने की रूपरेखा बनाई गई है। इसके लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। एजुकेटर के साक्षात्कार 1 से 3 सितंबर तक और अनुदेशक के इंटरव्यू 5 सितंबर को होंगे।
बेसिक शिक्षा विभाग के उन परिषदीय विद्यालयों में एजुकेटर और अनुदेशक रखे जाने हैं, जहां आंगनबाड़ी केंद्र संचालित हैं। इनकी भर्ती के लिए लखनऊ की एक फर्म का चयन किया गया था। इसके लिए करीब साढ़े तीन हजार आवेदन आए थे। निर्धारित पदों से तीन गुना अधिक अभ्यर्थियों को काउंसिलिंग के लिए जून के अंतिम हफ्ते में बुलाया गया था। काउंसिलिंग के दौरान जमा हुए अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का परीक्षण किया गया, ताकि पात्र अभ्यर्थियों की सूची तैयार कर उन्हें साक्षात्कार के लिए बुलाया जा सके। अब साक्षात्कार की रणनीति तय कर अभ्यर्थियों को अवगत कराया जा चुका है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राहुल सिंह ने बताया कि ईसीसीई एजुकेटर एवं तकनीकी अनुदेशक चयन प्रक्रिया के अंतर्गत अभिलेख सत्यापन, दक्षता प्रमाणीकरण एवं साक्षात्कार के लिए कार्यक्रम तय कर लिया गया है। सेवायोजन पोर्टल पर प्राप्त आवेदन पत्रों के प्रथम रैंडमाइजेशन के अनुसार ईसीसीई एजुकेटर के 209 पदों के सापेक्ष कुल 627 अभ्यर्थियों और विभिन्न तकनीकी अनुदेशक के 49 पदों के सापेक्ष कुल 147 अभ्यर्थियों को अभिलेख सत्यापन, दक्षता प्रमाणीकरण एवं साक्षात्कार के लिए बुलाया गया है। सभी प्रक्रिया जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) परिसर में पूरी कराई जाएगी।
बीएसए ने बताया कि ईसीसीई एजुकेटर पद के अभ्यर्थियों को 1 से 3 सितंबर तक और तकनीकी अनुदेशक पद के अभ्यर्थियों को 5 सितंबर को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक बुलाया गया है। किन अभ्यर्थियों को किस दिन आना है, इस बारे में अभ्यर्थियों की सूची सहित समय सारिणी जिले की वेबसाइट पर जारी कर दी गई है। सभी अभ्यर्थी निर्धारित तिथि एवं समय पर अपने मूल अभिलेखों तथा उनकी स्वप्रमाणित प्रतियों सहित उपस्थित रहें।