रायबरेली। जिले में बृहस्पतिवार को रुक-रुककर हुई बारिश से हर तरफ जलभराव रहा। 17.2 मिमी बारिश हुई। शहर के कैपरगंज, मलिकमऊ, फिरोज गांधी नगर, सोनिया नगर, सुपर मार्केट में पानी भर जाने से चलना मुहाल रहा। गुस्साए लोगों ने इंदिरा नगर में प्रदर्शन किया। खास बात ये रही कि नगर पालिका की तरफ से जलनिकासी व्यवस्था के नाम पर महज खानापूर्ति की गई।
नागरिकों की शिकायत पर जलनिकासी के लिए पालिका कर्मी मौके पर नहीं पहुंचे। रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन पर भी पानी भरने से यात्रियों को परेशानी हुई। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय के भाई समाजसेवी अमिताभ पांडेय की अगुवाई में शहरियों ने इंदिरा नगर में प्रदर्शन किया।
हल्की बारिश में ही जलभराव से लोग बेहाल रहे। अमिताभ पांडेय ने आरोप लगाया कि जलभराव से राहत दिलाने के नाम पर खानापूर्ति की जा रही है। निकासी के इंतजाम न होने का नतीजा है कि मोहल्लों में जलभराव है और आम लोगों के लिए घर से निकलना मुश्किल हो रहा है।
उन्होंने चेतावनी दी कि जल्द ही समस्या नहीं दूर हुई तो आंदोलन होगा। हालांकि ईओ स्वर्ण सिंह ने बताया कि जहां पर जलभराव हुआ, वहां पानी की निकासी कराई गई। उधर, बारिश से ग्रामीण अंचलों में भी जलभराव की नौबत रही। लोगों को आवागमन में परेशानी हुई।
बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 34.5 डिग्री व न्यूनतम तापमान 26.9 डिग्री रहा। इंदिरा गांधी उड़ान अकादमी फुरसतगंज के मौसम विशेषज्ञ दीतेंद्र सिंह ने बताया कि मध्यम के साथ भारी बारिश की संभावना है।
खेती-बाड़ी के काम ने पकड़ी रफ्तार, गर्मी से मिली राहत
दो दिन से हो रही बारिश से खेती-बाड़ी के काम ने रफ्तार पकड़ ली है। राही, सतांव, ऊंचाहार, लालगंज समेत अन्य ब्लॉकों के किसानों ने धान की रोपाई तेज कर दी है। किसानों का कहना है कि बारिश से समय रहते धान की रोपाई हो जाएगी। बारिश होने से लोगों को गर्मी से भी राहत मिली है। जून में उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल थे। जिला कृषि अधिकारी अखिलेश पांडेय का कहना है कि मानसून आने से धान की रोपाई का कार्य जल्द पूरा हो जाएगा।