रायबरेली। पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार के रविवार रात किए गए पुलिस महकमे में फेरबदल में 15 उपनिरीक्षकों को इधर से उधर किया गया। इसमें हत्या के मामले में पुलिस महकमे को शर्मसार करने वाले और निलंबित रह चुके दो दरोगाओं को चर्चित चौकियों की कमान दे दी गई। कार्य में लापरवाही बरतने वाले सिविल लाइंस चौकी प्रभारी को हटा दिया गया। उपनिरीक्षक अरविंद पांडेय के कार्य क्षेत्र में फेरबदल कर दिया गया।
पुलिस लाइंस में तैनात उपनिरीक्षक अरविंद कुमार मौर्या को सिविल लाइंस चौकी की कमान दी गई। लालगंज कोतवाली में पुलिस अभिरक्षा में युवक की हत्या के मामले में अरविंद को न सिर्फ निलंबित कर दिया गया था, बल्कि उनके खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कराई गई थी। इस मामले की जांच चल रही थी। पुलिस अफसर बताते हैं कि दरोगा अरविंद को बहाल कर दिया गया था।
इस मामले में तत्कालीन लालगंज कोतवाल हरिशंकर प्रजापति समेत अन्य पुलिस कर्मी अब तक बहाल नहीं हो सके हैं। वहीं सिविल लाइंस चौकी इंचार्ज रहे संजय पाठक को नसीराबाद थाने भेजा गया हैं। उनकी कई माह से लापरवाही की शिकायतें मिल रही थी। सलोन कोतवाली में तैनात दरोगा मृत्युंजय बहादुर को इसी कोतवाली की सूची चौकी की कमान दी गई।
करीब तीन माह पहले मिल एरिया थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में मृत्युंजय को निलंबित कर दिया गया था। बाद में बहाल करके सलोन कोतवाली भेजा गया था। अब वह सूची चौकी के इंचार्ज बना दिए गए हैं। वहीं सूची चौकी इंचार्ज रहे देवेंद्र कुमार अवस्थी को मुराईबाग चौकी का प्रभारी बनाया गया। मुराईबाग चौकी प्रभारी रहे अरविंद कुमार पांडेय को हरचंदपुर थाने की गुल्लूपुर चौकी की जिम्मेदारी दी गई।
इसके अलावा वरिष्ठ उपनिरीक्षक श्याम चंद्र यादव हरचंदपुर थाने से वरिष्ठ उपनिरीक्षक लालगंज, उपनिरीक्षक पंकज सोनकर मिल एरिया से प्रभारी चौकी करहिया, सुरेश कुमार सिंह गुरुबख्शगंज से मिल एरिया, प्रिंस सोनकर भदोखर से जगतपुर भेजा गया है। यूपी डायल 112 में तैनात श्यामवीर सिंह, वेद प्रकाश तिवारी व रामचंद्र कनौजिया को सदर कोतवाली नगर भेजा गया है।
मनोज कुमार सिंह को पुलिस लाइंस से लालगंज कोतवाली भेजा गया। जगतपुर कोतवाली में तैनात दरोगा पंकज राज शरद को गुरुबख्शगंज थाने की अटौरा चौकी की जिम्मेदारी दी गई। काफी समय से अटौरा चौकी खाली चल रही थी।
पुलिसिंग व्यवस्था को और चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए 15 उपनिरीक्षकों के कार्य क्षेत्र में फेरबदल किया गया है। लालगंज कोतवाली में पुलिस अभिरक्षा में युवक की हुई मौत के मामले में सिर्फ दरोगा अरविंद कुमार मौर्य को ही बहाल किया गया था और अब सिविल लाइंस चौकी की कमान दी गई। इस मामले में अन्य पुलिस कर्मियों को भी जल्द बहाल किया जाएगा। कार्य के प्रति लापरवाही बरतने वाले कई चौकी प्रभारियों के कार्य क्षेत्र में बदलाव किया गया।- श्लोक कुमार, एसपी