बछरावां (रायबरेली)। कोतवाली क्षेत्र में रविवार की रात बस स्टॉप चौराहे पर चेकिंग के दौरान दरोगा ने वाहन सवार युवक को पकड़कर घसीट लिया। इससे युवक जमीन पर गिर पड़ा। इसी बीच ट्रक ने उसका पैर कुचल दिया जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। गुस्साए लोगों ने मार्ग जाम करके प्रदर्शन किया। सभी दरोगा के खिलाफ कार्रवाई किए जाने की मांग कर रहे थे। सूचना पर महराजगंज सीओ राघवेंद्र चतुर्वेदी ने पहुंचकर समझाकर लोगों को शांत कराया।
उन्नाव जिले के सीताराम खेड़ा थाना मौरावा निवासी बीनू सविता (30) पुत्र अवध बिहारी अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से बछरावां से वापस गांव जा रहा था। रात आठ बजे बछरावां बस स्टॉप चौराहे पर तैनात दरोगा राजीव सिंह चौहान वाहन चेकिंग कर रहे थे। बीनू सविता का आरोप है कि दरोगा ने उन्हें गाड़ी में पीछे से घसीट लिया जिससे वह नीचे गिर गया।
इसी बीच पीछे से आ रहे ट्रक में वह फंस गया। उसने कहा कि उसका पैर ट्रक में फंसा है लेकिन दरोगा ने ट्रक वाले से कहा ट्रक आगे बढ़ाओ और उसका पैर कुचल गया। घटना होते ही बड़ी संख्या में लोग बस स्टॉप चौराहे पर एकत्रित हो गए और पुलिस के इस कृत्य की निंदा करते हुए बछरावां-लालगंज मार्ग जाम कर दिया।
क्षेत्राधिकारी राघवेंद्र चतुर्वेदी के समझाने पर आधा घंटे बाद जाम खुल सका। सीओ ने बताया कि घायल को सामुदायिक स्वास्थ्य में बछरावां पहुंचा कर प्राथमिक इलाज कराया गया। हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मामले में दरोगा की क्या भूमिका है, इसकी जांच कराई जा रही है। दरोगा की लापरवाही सामने आई तो कार्रवाई की जाएगी। ट्रक को ही कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर के आधार पर मामले में कार्रवाई होगी।