रायबरेली। डीफार्मा छात्र आदित्य प्रताप सिंह उर्फ रवि सिंह की हत्या के मामले में शुक्रवार को एक दरोगा और सिपाही को सस्पेंड कर दिया गया। दोनों पर पूर्व सपा जिलाध्यक्ष आरपी यादव की गिरफ्तारी के दौरान लापरवाही बरतने का आरोप है।
चर्चित हत्या के मामले में अब तक एएसपी के अलावा अन्य पुलिस कर्मियों पर कार्रवाई हो चुकी है। मामले में पुलिस अधीक्षक स्वप्निल ममगाई की ओर से एक के बाद कार्रवाई किए जाने से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।
महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के सिकंदरपुर गांव के रहने वाले आदित्य प्रताप सिंह की 9 अक्तूबर को मिल एरिया थाना क्षेत्र के रतापुर स्थित सोमू ढाबा में हत्या कर दी गई थी। उसका शव हरचंदपुर थाना क्षेत्र के गढ़ी खास गांव के पास पाया गया था।
पुलिस अधीक्षक स्वप्निल ममगाई ने बताया कि आदित्य हत्याकांड में लापरवाही बरतने पर हरचंदपुर थाने में तैनात दरोगा महेंद्र प्रताप सिंह और सिपाही राम प्रवेश चौहान को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है।
एसपी का कहना है कि दरोगा और सिपाही पर आरोप है कि सपा के पूर्व जिलाध्यक्ष आरपी यादव की गिरफ्तारी के दौरान दोनों ने लापरवाही बरती। खाकी की हिरासत में आरपी यादव को अनुशासन के साथ नहीं रखा गया।