रायबरेली। माध्यमिक शिक्षा की अपर मुख्य सचिव व जिले की नोडल अधिकारी आराधना शुक्ला ने शहर के मोहल्लों और ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर स्वच्छता को अपनी आंखों से देखा। शहर के मलिकमऊ, पीएसी के पास स्थित कूड़ा निस्तारण केंद्र ऊंचाहार और रोहनियां के उमरन गांव का निरीक्षण किया।
नोडल अधिकारी ने मलिन बस्तियों में पहुंचकर लोगों से बात की। उन्हें संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के बारे में जानकारी ली। इस दौरान अधिकारियों को विशेष स्वच्छता अभियान पर विशेष ध्यान के आदेश दिए। डीएम शुभ्रा सक्सेना ने बताया कि सभी ब्लॉकों, तहसीलों व अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर होर्डिग्स के माध्यम से कोविड-19 के संक्रमण से बचाव, दो गज दूरी मास्क है जरूरी, संचारी रोग नियंत्रण आदि के संबंध में जागरूक किया जा रहा है।
नोडल अधिकारी ने मलिकमऊ में निरीक्षण के दौरान सुदामा प्रसाद, राजरानी आदि कई लोगों से बात की। लोगों ने प्रसाधन न होने की जानकारी दी। इस पर नोडल अधिकारी ने नगर पालिका के ईओ व नायक को फटकार लगाते हुए प्रसाधन बनवाने के आदेश दिए। इसी तरह उन्होंने अन्य शिकायतों को भी सुना। इस मौके पर सीडीओ अभिषेक गोयल, सीएमओ डॉ. संजय शर्मा, डीपीआरओ उपेंद्रराज सिंह, एसडीएम सदर शालिनी प्रभाकर, तहसीलदार अमिता यादव आदि मौजूद रहे।
ऊंचाहार। विधायक डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने नगर में चलाए जा रहे तीन दिवसीय स्वच्छता अभियान का शुभारंभ हरी झंडी दिखाकर किया। कार्यक्रम के तहत कोविड-19 व अन्य वेक्टर जनित रोगों के बचाव के लिए नगर में सफाई अभियान चलाने के लिए कहा। मोहल्लों में विशेष सफाई, नाला व नालियों की सफाई, एंटी लार्वा का छिड़काव व फागिंग आदि कराने का काम शुरू कराया। नगर पंचायत अध्यक्ष शाहीन सुल्तान, ईओ निखिलेश कुमार मिश्र, कोतवाल पंकज तिवारी, मोहम्मद फारुख आदि मौजूद रहे।