रायबरेली। डीह ब्लॉक क्षेत्र के बाल विकास परियोजना कार्यालय के पास नाली में मिली भारी संख्या में आयरन की गोलियों के मामले में डीएम ने गंभीर रुख अपनाया है। डीएम के आदेश पर एसीएमओ स्तर के दो अधिकारियों की टीम ने डीह सीएचसी व सीडीपीओ कार्यालय पहुंचकर दस्तावेजों को खंगाला। सीएचसी अधीक्षक व दो सीडीपीओ से पूछताछ करके बयान दर्ज किए।
डीह कस्बा स्थित बाल विकास परियोजना कार्यालय के पास नाली में बुधवार शाम गर्भवती महिलाओं व किशोरियों में आंगनबाड़ी केंद्रों से बांटने के लिए आईं आयरन की गोलियां बरामद की गई थी। जानकारी होने पर सीएचसी अधीक्षक डॉ. तारिक इकबाल दवाओं को कब्जे में लेकर सीएचसी में रखवा लिया था।
डीएम शुभ्रा सक्सेना ने मामले को गंभीरता से लेते हुए एसीएमओ डॉ. एसके चक और डॉ. नागेंद्र प्रसाद की टीम गठित करके जांच कर रिपोर्ट देने के आदेश दिए। डीएम के आदेश पर जांच टीम शुक्रवार को पहले सीडीपीओ कार्यालय पहुंची और अभिलेखों को चेक किया। इसके अलावा पूर्व सीडीपीओ शैल सिंह व वर्तमान सीडीपीओ सुनीता सिंह से मामले में पूछताछ की।
बाद में सीएचसी पहुंचकर दवा गोदाम के अभिलेखों के साथ ही दवाओं के स्टाक को चेक किया। टीम ने सीएचपी अधीक्षक डॉ. तारिक इकबाल से भी मामले में पूछताछ की है। एसीएमओ डॉ. एसके चक ने बताया कि डीएम के आदेश पर मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही जांच पूरी करके रिपोर्ट डीएम को भेजी जाएगी। मामले में डीएम के स्तर से कार्रवाई की जाएगी।