लालगंज क्षेत्र के एक गांव में एएनएम की लापरवाही से टीका लगवाने के बाद मासूम बच्चे की हालत बिगड़ गई। आननफानन उसे जिला अस्पताल मे दिखाया गया।
वहां ऑपरेशन के बाद बच्चे की जान बच सकी। बच्चे के पिता ने थाने में तहरीर दी है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
मनाखेड़ा मजरे बेमौरा महेशखेड़ा गांव में 13 मई को गांव में तैनात एएनएम पूनम शुक्ल जयशंकर अग्निहोत्री के डेढ़ वर्षीय पुत्र को डीपीटी का टीका लगाने गई थी। टीका लगाने के बाद उसे दर्द होने लगा।
धीरे-धीरे उसका दर्द बढ़ता गया और टीका लगने वाली जगह काली पड़ने लगी। परिवारीजन उसे बेहटाकला स्थित पीएचसी ले गए, जहां उसे लालगंज के लिए रेफर कर दिया गया।
बच्चे की हालत देख वह उसे जिला अस्पताल ले गए, जहां ऑपरेशन के बाद उसकी हालत में सुधार आ सका। परिवारीजनों ने बताया कि एएनएम ने लापरवाही बरतते हुए टीका लगाया था, जिसकी वजह से उसके पुत्र की हालत बिगड़ गई। पिता ने कोतवाली में तहरीर दी है।
प्रभारी निरीक्षक धनंजय सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। पूछताछ की जा रही है।