रायबरेली। कोरोना के संक्रमित मरीजों को अब आसानी से रेमडेसिविर इंजेक्शन मिलने लगे हैं। रेडक्रॉस सोसाइटी की ओर से 58 वायल रेमडेसिविर की बिक्री की गई। सीएमओ कार्यालय के स्टोर से औपचारिकता पूरी कराते ही तुरंत रेमडेसिविर मिल रहा है।
बिना डॉक्टर के परचे व आधार कार्ड की फोटोकॉपी के इंजेक्शन नहीं दिया जा रहा है। जिला अस्पताल में मरीज भर्ती है, उस अस्पताल के डॉक्टर का परखा अनिवार्य है।
सीएमओ कार्यालय के रेडक्रॉस सोसाइटी के लिपिक मो. फैसल ने बताया कि जो भी लोग रेमडेसिविर इंजेक्शन के लिए डॉक्टर का परचा और आधार कार्ड लेकर आ रहे हैं, उन्हें आसानी से इंजेक्शन उपलब्ध कराया जा रहा है।
प्रति इंजेक्शन मरीजों को 1800 रुपये की रसीद भी दी जा रही है। अब तक 54 वायल रेमडेसिविर इंजेक्शन की बिक्री की जा चुकी है। उनका कहना है कि जिस अस्पताल में मरीज को भर्ती कराया गया है, उस अस्पताल के डॉक्टर का इंजेक्शन के लिए परचा अनिवार्य रखा गया है। बिना परचे के रेमडेसिविर इंजेक्शन नहीं दिया जाएगा। स्टोर में पर्याप्त मात्रा में इंजेक्शन उपलब्ध है।