खीरों क्षेत्र के देवगांव में आयोजित आरोग्य मेला में मरीज को देखते चिकित्सक।
रायबरेली। डीह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बेतौरा में रविवार को मुख्यमंत्री आरोग्य मेले का आयोजन हुआ। डाॅ. डीएन चौधरी ने मरीजों को जांच के बाद दवाएं दीं। उन्होंने बताया कि मेले में सांस, सीने में दर्द, बुखार और पेट दर्द के रोगियों की संख्या अधिक रही। मेले में 69 मरीजों ने उपचार कराया।
सीएचसी अधीक्षक डॉ. सत्यपाल सिंह ने मरीजों को बीमारियों से बचाव के उपाय बताए। घुरवारा के कटघर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आयोजित आरोग्य मेले में बुखार, सर्दी, जुकाम, शुगर, रक्तचाप, मलेरिया से पीड़ित 67 मरीजों ने उपचार कराया। गदागंज के पीएचसी जलालपुर धई, गोविंदपुर माधव व रसूलपुर धरावां में मुख्यमंत्री आरोग्य मेले के दौरान 190 मरीजों का इलाज किया गया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गोविंदपुर माधव में डॉ. दिवाकर ने बताया कि बच्चों में कोल्ड डायरिया, सर्दी, जुकाम व खांसी के मरीजों की संख्या अधिक रही। सभी को निशुल्क दवाएं दी गई हैं। शिवगढ़ के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र नेरथुवा, राजापुर सीवन व देहली में मुख्यमंत्री आरोग्य मेले आयोजित हुआ। इस दौरान 165 मरीजों ने उपचार कराया। सीएचसी अधीक्षक डॉ. प्रेमशरण ने बताया कि बच्चों में कोल्ड डायरिया तेजी से फैल रहा है। बच्चों को ठंड से बचाने के लिए लोगों को सलाह दी गई है।