शहर के रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म एक पर ट्रेन पर चढ़ने के लिए अपनी आरक्षित सीट देखते यात्री।
रायबरेली। दिवाली के बाद काम पर लौटने वालों और छठ पूजा के लिए जाने वालों की भीड़ से ट्रेनों में यात्रियों की संख्या बढ़ गई है। बिहार की ओर जाने वाली सभी ट्रेनें पूरी तरह भरी हुई हैं, जिससे सामान्य श्रेणी की बोगियों में गेट तक यात्री खड़े नजर आए। ट्रेनों की लेटलतीफी से यात्री परेशान हैं।
रेलवे स्टेशनों पर चहल-पहल बढ़ने के साथ ही सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। रेलवे प्लेटफॉर्म पर सुरक्षाकर्मियों की चहलकदमी बढ़ गई है और यात्रियों को सुरक्षित बैठाया जा रहा है। बुधवार को कई ट्रेनें घंटों देरी से चलीं। दिल्ली-वाराणसी विशेष ट्रेन और सिंगरौली-टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस ने पौने छह घंटे इंतजार कराया। हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल साढ़े पांच घंटे देर से आई, जबकि लखनऊ-प्रयागराज यात्री ट्रेन पांच घंटे विलंब से पहुंची। यातायात निरीक्षक राजेश कुमार ने बताया कि सभी ट्रेनें पहले से लेट होने के कारण देर से आईं।
पंजाब मेल में चेन खींचने की घटना, जनता मेल देर तक रुकी
रायबरेली। पंजाब मेल में अत्यधिक भीड़ के कारण बृहस्पतिवार को यात्रियों का उतरना मुश्किल हो गया। ट्रेन रवाना होने लगी तो चेन खींचने के कारण फिर रुक गई, क्योंकि कुछ यात्री उतर नहीं पाए थे। बनारस से देहरादून जाने वाली जनता मेल भी करीब 20 मिनट तक रोकी गई, इसमें भी बहुत भीड़ थी। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) प्रभारी सचिन कुमार ने बताया कि बिहार की तरफ जाने वाली सभी ट्रेनें पूरी तरह भरी हुई हैं। भीड़ के कारण यात्रियों को ट्रेन में चढ़ने-उतरने में दिक्कत हो रही है, इसलिए रेलवे प्लेटफॉर्म पर सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं।