अलग-अलग थाना क्षेत्रों में शनिवार को हुए हादसों में बालिका समेत तीन लोगों की मौत हो गई। जबकि बालक गंभीर रूप से घायल हो गया। खीरों थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह खेतों की जोताई कर लौट रहा एक ट्रैक्टर टूटी पुलिया से तालाब में जा गिरा। इससे उसके नीचे दबकर चालक की मौत हो गई।
डलमऊ कोतवाली क्षेत्र में शनिवार को खेत गई बालिका की तालाब में डूबकर मौत हो गई, जबकि बालक की हालत गंभीर है। सीएचसी के बाद बालक को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। वहीं ऊंचाहार थाना क्षेत्र में शनिवार रात तेज रफ्तार रोडवेज बस की टक्कर से एक युवक की मौत हो गई।
खीरों थाना क्षेत्र के मिश्रखेड़ा मजरे कालूपुर गांव रामू (25) पुत्र संतलाल खुद का ट्रैक्टर चलाता था। शनिवार सुबह वह सुरजीपुर गुमानखेड़ा गांव निवासी शंभू कोरी का खेत जोतकर वापस लौट रहा था। पुरवा ब्रांच नहर के पास ट्रैक्टर का पहिया टूटी पुलिया के गड्ढे में फंस गया। जब उसने निकालने का प्रयास किया तो रोटावेटर समेत ट्रैक्टर तालाब में पलट गया।
जिसके नीचे रामू दब गया। पास में ही गुमान खेड़ा निवासी विनोद कोरी के खेत में धान की रोपाई कर रही महिलाओं ने शोर मचाना शुरू कर दिया। ग्रामीणों ने बड़ी मशक्कत के बाद रामू को बाहर निकालकर सीएचसी खीरों पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। एसओ अनिल कुमार सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
उधर डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के पूरे ठकुराइन मजरे नरसवां गांव निवासी सुरेश कुमार किसानी करता है। शनिवार को सुरेश खेत में धान लगा रहा था। उसकी बेटी रुपावती (8) गांव के ही अंकुश (7) पुत्र कमलेश कुमार के साथ खेत गई थी। खेत के पास गहरा तालाब है। दोनों मेड़ से होकर घर जा रहे थे।
इसी दौरान दोनों का पैर फिसल गया। इससे रुपावती और अंकुश गहरे तालाब में डूब गए। यह देख धान की रोपाई कर रहे तमाम लोग और परिवारीजन मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद दोनों को बाहर निकाला गया, दानों को सीएचसी डलमऊ पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने रुपावती को मृत घोषित कर दिया।
अंकुश की हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। कोतवाल ओपी यादव का कहना है कि तालाब में डूबने से बालिका की मौत हुई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं ऊंचाहार थाना क्षेत्र के रामचंदरपुर गांव का रहने वाला राम खेलावन (40) रात में अपनी बाल काटने की दुकान बंद कर साइकिल से घर जा रहा था।
बाबूगंज के पास ही मिर्जापुर डिपो की तेज रफ्तार बस ने उसे पीछे से टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल खेलावन की मौके पर ही मौत हो गई। थानेदार जीडी शुक्ला ने बताया कि बस को कब्जे में लेकर चालक को पकड़ लिया गया है। तहरीर मिलने पर केस दर्ज करके कार्रवाई की जाएगी।