रोहनियां। ग्रामीण संपर्क मार्गों और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने की दिशा में सोमवार को ब्लॉक क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों को कई विकास परियोजनाओं की सौगात मिली। खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडेय ने नवनिर्मित सड़कों और इंटरलॉकिंग कार्यों का लोकार्पण किया। ग्राम पंचायत मवई में साधन सहकारी समिति धनेही सरेनी से पूरे बैसन का पुरवा तक बनी पक्की सड़क का शुभारंभ किया गया। इसके अतिरिक्त ग्राम पंचायत रायपुर सर्विस रोड और अशोक पांडेय कोटेदार के घर से रामदेव साहू के घर तक इंटरलॉकिंग कार्य समेत विकास कार्यों का उद्घाटन किया गया।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि गांवों का सर्वांगीण विकास और जनसुविधाओं का विस्तार सरकार की प्रमुख प्राथमिकता है। विकास की रोशनी समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचनी चाहिए ताकि ग्रामीणों को सभी मूलभूत सुविधाएं मिल सकें। साथ ही क्षेत्र के विकास में सहयोग के लिए सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान रोहनियां ब्लॉक प्रमुख राकेश पासी, प्रधान संघ जिला अध्यक्ष इस्तिखार अहमद, राजकुमार पासी, सरेनी प्रधान प्रशासक पवन कुमार तिवारी, कमालपुर प्रशासक प्रधान धर्मेंद्र सिंह, रायपुर प्रधान प्रशासक प्रतिनिधि सौरभ यादव, बीडीसी सूरज यादव, कोटेदार शिव सिंह और छोटेलाल पांडेय सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण व कार्यकर्ता मौजूद रहे।