स्वतंत्रता दिवस का जश्न मनाने के लिए जिले भर में उल्लास का माहौल है। रविवार शाम होते ही बिजली के झालरों से सरकारी, गैर सरकारी भवन, बाजार जगमगा उठे। बाजार में भी उल्लास का वातावरण दिखा।
सजी दुकानों पर तिरंगी झंडियां, टोपियां, बैज आदि लेने वालों की भीड़ लगी रही। सोमवार को सरकारी एवं गैरसरकारी कार्यालयों, शैक्षिक संस्थाओं समेत विभिन्न स्थानों पर शान से तिरंगा फहराया जाएगा। सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित होंगे।
स्वतंत्रता दिवस पर सुबह साढ़े छह बजे प्रभात फेरी निकाली जाएगी और फिर सभी विद्यालयों, सरकारी, गैर सरकारी कार्यालयों में सुबह आठ बजे ध्वज फहराया जाएगा। डीएम अनुज कुमार झा ने कहा है कि तहसील, ब्लॉक, स्कूल, कॉलेज, ग्रामीण स्तरीय कार्यालयों में राष्ट्रीय ध्वज फहराते समय यह ध्यान रखा जाए कि ध्वज सही ढंग से हो।
कहीं कटा-फटा न हो और उसे सही ढंग से लगाया जाए। ध्वजारोहण के बाद सुबह नौ बजे जीआईसी से मानव श्रृंखला बनाकर अस्पताल चौराहा, सुपर मार्केट, कोतवाली होते हुए जीआईसी तक, साढ़े नौ बजे मोतीलाल नेहरू स्टेडियम में क्रास कंट्री रेस का आयोजन किया जाएगा।
सुबह 10 बजे विद्यालयों में निबंध और वाद-विवाद प्रतियोगिताओं, दोपहर 12:30 बजे एफजी कॉलेज सभागार में विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।