अमर उजाला फाउंडेशन और प्रधानाचार्य परिषद की ओर से स्वतंत्रता दिवस की 70वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में जिले के कई स्कूलों में 52 सेकेंड देश के नाम अभियान चलाया गया। इसके तहत छात्रों को जागरूक किया गया और उन्हें इस बाबत जनता को भी अवगत कराने का संकल्प दिलाया गया।
अभियान के तहत छात्र-छात्राओं ने अपने स्कूलों के अलावा समीप के गांवों में जाकर नागरिकों को सामूहिक तौर पर राष्ट्रगान के सम्मान में सावधान खड़े होने का संदेश दिया। साथ ही अभियान को सफल बनाने का आह्वान किया।
छात्रों को राष्ट्र के नाम अपने सभी प्रयासों को समर्पित करने का संकल्प दिलाया। उर्मिला इंटर कॉलेज में छात्रों को इस अभियान को सफल बनाने के लिए जनता को जागरूक करने का संदेश दिया गया।
वहीं वैदिक इंटर कॉलेज में श्रीकांत तिवारी और जयशंकर वाजपेयी ने छात्रों से जनता के बीच देश के नाम 52 सेकेंड करने का संदेश फैलाने का आह्वान किया। राजा विश्वनाथ इंटर कॉलेज में भी छात्रों को संकल्प दिलाया गया।
चंद्रपाल इंटर कॉलेज शोरा एवं कान्य शिक्षा निकेतन करहिया में प्रधानाचार्यों ने छात्र-छात्राओं को राष्ट्र के प्रति समर्पित रहने का संदेश दिया। कहा कि सभी छात्र राष्ट्रगान के समय लोगों को खड़ा होने के प्रति जागरूक करें।
कान्य शिक्षा निकेतन इंटर कॉलेज करहिया में दूसरे स्कूलों के बच्चों को बुलाकर राष्ट्रगान की मूल भावनाओं से अवगत कराया गया। प्रधानाचार्य परिषद के जिलाध्यक्ष यशवंत सिंह ने बताया कि इस अभियान का मुख्य भाव जनता के अंदर राष्ट्र भावना को भरना है।
मंत्री रामवृक्ष यादव ने बताया कि इस अभियान के तहत सभी प्रधानाचार्य छात्रों के अलावा जनता को भी जोड़ने का प्रयास करेंगे। कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. राजेंद्र कुमार ने बताया कि यह एक सकारात्मक पहल है।
इससे देश को एक सूत्र से जोड़ा जा सकता है। संरक्षक शत्रुघ्न सिंह ने बताया कि इसके लिए प्रधानाचार्य परिषद अमर उजाला का आभारी है। इस अभियान से न केवल राष्ट्रभावना जाग्रत होगी, बल्कि गुरुओं का भी सम्मान बढ़ेगा।