सतांव (रायबरेली)। एसटीएफ और गुरुबख्शगंज पुलिस ने सोमवार रात हरियाणा से गोरखपुर ले जाई जा रही ढाई लाख कीमत की अवैध शराब बरामद की। पुलिस ने स्कार्पियो सवार युवक को भी पकड़ा है। पूछताछ के बाद उसे जेल भेज दिया।
सीओ लालगंज महिपाल पाठक ने बताया कि मुखबिर से सूूचना मिली थी कि स्कार्पियो सवार व्यक्ति अवैध शराब लेकर हरियाणा से गोरखपुर जा रहा है।
सूचना पर एसटीएफ और गुरुबख्शगंज पुलिस ने अघौरा बार्डर पर चेकिंग के दौरान स्कार्पियो को रोक लिया। तलाशी के दौरान स्कार्पियो से अंग्रेजी और देसी शराब की 526 बोतलें बरामद हुईं।
सीओ ने बताया कि मौके से पंजाब प्रांत के लुधियाना के डब्बा थाना क्षेत्र के डब्बालहरा रोड निवासी अजीत सिंह को गिरफ्तार किया गया।
आरोपी के पास से एक हजार रुपये समेत अन्य सामग्री बरामद की गई है। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह हरियाणा से सस्ते दर पर अवैध शराब खरीदकर उसकी बिक्री करने गोरखपुर ले जा रहा था। इस धंधे में और कौन-कौन लोग शामिल हैं, उसके बारे में पड़ताल की जा रही है।