रायबरेली। बिजली उपभोक्ताओं की शिकायतों का त्वरित निस्तारण हो, इसके लिए सिविल लाइंस स्थित अधीक्षण अभियंता कार्यालय में कंट्रोल रूम खोला गया है। मुख्य अभियंता रामकुमार ने शुक्रवार को कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। शिकायत रजिस्टर समेत अन्य अभिलेखों की जांच की।
उन्होंने कहा कि उपभोक्ताओं की ज्यादातर शिकायत रहती है कि अभियंता फोन नहीं उठाते हैं। इसलिए अब उपभोक्ता कंट्रोल में हर तरह की शिकायत दर्ज करा सकते हैं। फोन न उठाने वाले अभियंताओं के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
रायबरेली जोन के अभियंता ने बताया कि कंट्रोल रूम नंबर 8004922337 पर रायबरेली के अलावा उन्नाव जिले के उपभोक्ता भी शिकायत कर सकते हैं। कंट्रोल रूम में 24 घंटे कर्मियाें की तैनाती रहेगी। कंट्रोल रूम कर्मियों को सख्त हिदायत दी है कि यहां शिकायतों को संबंधित अभियंताओं को बताएं ताकि समय से निस्तारण हो सके।