ऊंचाहार। सवैया तिराहा स्थित हनुमान मंदिर से शंकर, पार्वती और गणेश की तीन मूर्तियां चोरी हो गईं। मंदिर से चोरी हुई मूर्तियां अष्टधातु की होने का दावा किया जा रहा है और उनकी कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है।
यह मंदिर सवैया तिराहा निवासी चंदा देवी के घर के पास बना है। रविवार सुबह चंदा देवी पूजा करने मंदिर पहुंचीं तो वहां 300 ग्राम वजन की शंकर, पार्वती और गणेश की मूर्तियां गायब मिलीं। जानकारी मिलते ही मौके पर भक्तों की भीड़ जुट गई और लोगों ने घटना पर नाराजगी जताई। भक्तों ने आरोप लगाया कि पुलिस की रात्रिगश्त में ढिलाई के चलते चोरों ने मंदिर को निशाना बनाया।
सीओ डलमऊ गिरिजाशंकर त्रिपाठी ने बताया कि चोरी हुई मूर्तियां पीतल की हैं। ऊंचाहार के कार्यवाहक कोतवाली प्रभारी को मामले की जांच की जिम्मेदारी सौंपी गई है। जल्द ही चोरों को पकड़ने का प्रयास किया जा रहा है।