रायबरेली। कृषि कानूनों के विरोध में देशभर में चल रहे किसान आंदोलन के समर्थन में जिले के अधिवक्ता भी शामिल हो गए हैं। मैं अधिवक्ता हूँ, अन्न खाता हूँ। इसलिए किसानों की मांगों का समर्थन करता हूँ। किसानों के सम्मान में, रायबरेली अधिवक्ता मैदान में। कुछ ऐसे ही नारे बुधवार को दीवानी कचहरी गेट के सामने गूंजे। अधिवक्ताओं ने किसान आंदोलन के समर्थन में हाथों में नारे लिखी तख्तियां लेकर प्रदर्शन किया।
वरिष्ठ अधिवक्ता पीएल पाल ने कहा कि सरकार को आंदोलनरत किसानों की मांगें तत्काल मान लेनी चाहिए। वरिष्ठ अधिवक्ता यूपी सिंह ने भी कृषि कानूनों पर अपनी बात रखी। वरिष्ठ अधिवक्ता ओपी यादव ने कहा कि जो लोग भी अन्न खाते हैं, उन सभी को देश के किसानों की मांगों के समर्थन में खड़ा होना चाहिए। युवा अधिवक्ता सलमान ने किसानों के आंदोलन को समर्थन दिया। एडवोकेट अर्चना ने कहा कि सरकार स्वामीनाथन कमेटी की रिपोर्ट लागू करने के बजाय काले कानून किसानों पर थोप रही है। इस मौके पर रामसजीवन, योगेंद्र दीक्षित, भगवानदीन, आरएस वर्मा, आलोक कुमार, सीएल वर्मा, राजेश कुमार, बृजेश कुमार, राजबहादुर आदि मौजूद रहे।