जिले में दो दिन से हो रही बारिश पांच लोगों के लिए मौत का सबब बन गई। डलमऊ कोतवाली क्षेत्र में कच्ची कोठरी गिरने से महिला और बुजुर्ग की मौत हो गई। भदोखर थाना क्षेत्र में कोठरी ढहने से किसान की जान चली गई।
ऊंचाहार थाना क्षेत्र में कच्चा मकान ढहने से एक बुजुर्ग महिला की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। महराजगंज कोतवाली क्षेत्र में दीवार ढहने से कई लोग घायल हो गए। गुरुबख्शगंज थाना क्षेत्र में चलते टेम्पो में जामुन का पेड़ गिर गया।
इससे उस पर सवार यात्री की मौत हो गई, जबकि उस पर सवार चालक समेत पांच लोग घायल हो गए। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। डलमऊ प्रतिनिधि के मुताबिक कोतवाली क्षेत्र के जहांगीराबाद गांव की रहने वाली शिव प्यारी (58) सोमवार रात छप्पर के नीचे सो रही थी।
बारिश के कारण आई सीलन से अचानक कच्ची दीवार भरभराकर ढह गई। जिससे मलबे में दबकर शिव प्यारी की मौत हो गई। इसी क्षेत्र के भटानीहार मजरे डलमऊ गांव निवासी मो. शरीफ (75) भी कच्ची कोठरी के अंदर सो रहा था। अचानक दीवार ढहने से शरीफ मलबे में दब गया और उसकी मौत हो गई।
दोनों घटनाओं की सूचना पर तहसीलदार सौरभ शुक्ला और कोतवाल ओपी यादव मौके पर पहुंचे। तहसीलदार ने बताया कि दोनों पीड़ित परिवारों को आर्थिक मदद दिलाई जाएगी। राही प्रतिनिधि के मुताबिक कांटी हार मजरे भांव निवासी किसान मो. सिद्दीक (50) सोमवार रात घर में सो रहा था। अचानक कच्ची दीवार ढह गई, जिससे वह मलबे में दब गया।
लोगों ने उसे बाहर निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। थानेदार एसएन यादव का कहना है कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहसीलदार संगमलाल गुप्ता का कहना है कि पीड़ित परिवार को आर्थिक मदद दिलाई जाएगी।
महराजगंज प्रतिनिधि के अनुसार ऊंचाहार थाना क्षेत्र के भवानीपुर मजरे बेहरामऊ में मकान ढहने से सुमेरा (70) पत्नी रमऊ और मिथिलेश पत्नी रामनरेश व शनि घायल हो गए। घायलों को सीएचसी पहुंचाया गया। सुमेरा की हालत चिंताजनक होने पर उसे एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया गया।
जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। एसडीएम रामजी मिश्र ने बताया कि पीड़ित परिवार को दैवीय आपदा के तहत सहायता राशि दिलाई जाएगी। उधर, महराजगंज कोतवाली क्षेत्र के कटरा मजरे मऊगर्वी गांव में कच्ची दीवार ढहने से कमलेश कुमारी (35), विश्वनाथा (60) और रीता (9) घायल हो गई।
सभी को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। उधर, शहर स्थित खोवा मंडी और अलीनगर में पास एक व्यक्ति का मकान गिर गया। राही ब्लॉक क्षेत्र के पूरे गुरू मजरे सुरजकुंडा में अंजनी कुमार की कच्ची कोठरी ढह गई, जिसमें अनाज भूसा सहित अन्य सामान दब गया।
इसी तरह परशदेपुर क्षेत्र के परैया नमकसार में कच्चा मकान धराशायी हो गया। कोतवाली क्षेत्र लालगंज के लालूमऊ गांव का रहने वाला रामऔतार रैदास (56) छप्पर के नीचे सो रहा था। रविवार रात 11 बजे अचानक दीवार ढह गई।
मलबे में दबकर अधेड़ की मौत हो गई। नायब तहसीलदार रामकिशोर वर्मा परिवारीजनों को पारिवारिक लाभ दिलाए जाने का आश्वासन दिया है। वहीं सतांव प्रतिनिधि के मुताबिक मंगलवार सुबह एक टेम्पो सवारियां भरकर रायबरेली से गुरुबख्शगंज जा रहा था। सतांव गांव के पास बारिश के चलते जामुन का पेड़ टेम्पो पर जा गिरा।
इससे टेम्पो पर सवार सुनील गुप्ता पुत्र रामबाबू गुप्ता निवासी मलिकमऊ चौबारा की मौत हो गई। जबकि चालक लाला पासी, यात्री दिनेश कुमार, संतोष यादव, संध्या व पार्वती घायल हो गये। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। थानेदार पन्नेलाल का कहना है कि पेड़ गिरने के चलते हादसा हुआ।