रायबरेली में कचहरी रोड पर तेज धूप में बच्चे का गोदी में लेकर छाता लगाकर जाती महिला। संवाद
रायबरेली। गर्म हवा ने फिर से परेशान करना शुरू कर दिया है। तापमान बढ़ने के साथ लोगों का गर्मी से हाल बेहाल रहा। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की जाएगी। साथ ही गर्म हवा में तेजी आएगी। रात में भी तापमान बढ़ने की संभावना है।
मई के पहले सप्ताह में मौसम का रुख अच्छा रहा। बारिश और तेज हवा चलने से गर्मी से राहत रही लेकिन गर्मी ने फिर से परेशान करना शुरू कर दिया है। मंगलवार की सुबह से गर्मी पड़ी और दोपहर से लेकर शाम तक गर्म हवा चलने से लोगों को तपिश का सामना करना पड़ा। दोपहर में लोग सड़कों पर कम ही निकले। बाजारों में भी चहलपहल कम रही। शाम होने के बाद लोग खरीदारी के लिए बाजारों की ओर निकले। स्कूली बच्चों को फिर से गर्मी से परेशान होना पड़ा।
मंगलवार को अधिकतम तापमान 39.1 डिग्री और न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री रहा। इंदिरा गांधी उड़ान अकादमी फुरसतगंज के मौसम विशेषज्ञ दीतेंद्र सिंह ने बताया कि वर्तमान समय में कोई विक्षोभ कारगर नहीं है। आसमान खुला है और नमी भी बहुत कम है। इस कारण दोपहर में गर्म हवा चलेगी और साथ ही तापमान में भी बढ़त दर्ज की जाएगी।
इनसेट
पांच दिन के तापमान पर नजर
8 मई-38.1 डिग्री19.8 डिग्री
9 मई-40 डिग्री23.6 डिग्री
10 मई-38 डिग्री24.1 डिग्री
11 मई-39.9 डिग्री24.6 डिग्री
12 मई-39.1 डिग्री24.4 डिग्री