खीरों। विकास खंड के मझिगवां गांव की निवासी रीना (39) ने प्रशिक्षित स्नातक शिक्षक (टीजीटी) की परीक्षा में शानदार सफलता हासिल कर अपने परिवार और गांव का नाम रोशन किया है। उनकी इस उपलब्धि से पूरे गांव में खुशी का माहौल है। उन्होंने टीजीटी हिंदी में 500 अंकों में से 488 अंक प्राप्त कर महिला वर्ग में प्रदेश में 13वीं रैंक हासिल की है।
रीना ने शुरूआत से लेकर स्नातक तक की शिक्षा उन्नाव जिले के विभिन्न विद्यालयों से प्राप्त की। इसके बाद कानपुर से बीएड की डिग्री हासिल की। विवाह के बाद पति के ननिहाल मझिगवां में गृहिणी की जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए वर्ष 2022 में टीजीटी परीक्षा की तैयारी शुरू की। कठिन परिश्रम से उन्होंने यह सफलता अर्जित की। रीना ने अपनी सफलता का श्रेय अपने नाना, माता-पिता, गुरुजनों तथा पति धर्मेंद्र यादव को दिया है।
उन्होंने बताया कि नाना बाबूलाल यादव से मिली प्रेरणा और पति धर्मेंद्र यादव के निरंतर सहयोग से वह परीक्षा की तैयारी करने के साथ बेटी सूर्यांशी (11वीं की छात्रा) और बेटे अभ्युदय (9वीं के छात्र) की पढ़ाई में सहयोग करती रहीं। घर की सभी जिम्मेदारियां भी निभाईं। रीना की उपलब्धि पर नाना बाबूलाल यादव, पति धर्मेंद्र यादव, पिता राम सागर, माता शांति देवी, भाई गिरीश कुमार, शिरीष कुमार, हरीश कुमार, राहुल यादव ने खुशी जताई है।