बछरावां (रायबरेली)। लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर बछरावां में बने ओवरब्रिज से गिरकर कई लोगों की जान चली गई और कई जख्मी हो गए। विधायक राम नरेश रावत ने सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को पत्र लिखकर समस्या से अवगत कराया। इस पर एनएचएआई के अधिकारियों ने ओवरब्रिज पर सुरक्षा जाली लगवाने का काम शुरू करवा दिया।
बछरावां कस्बे में लखनऊ-प्रयागराज हाईवे पर ओवरब्रिज बना है। जिसकी आकृति में दोष होने से अक्सर दोपहिया और चौपहिया वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर ब्रिज से नीचे गिर जाते हैं। अब तक यहां कई मौतें हो चुकीं है और कई लोग घायल हो चुके हैं। क्षेत्रीय निवासी एनएचएआई के अधिकारियों-कर्मचारियों व जनप्रतिनिधियों से ओवरब्रिज के दोनों तरफ रेलिंग लगाने की मांग कर रहे थे, जिसकी सुनवाई नहीं हो रही थी।
विधायक रामनरेश रावत ने एनएचआई के अधिकारियों व केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री नितिन गडकरी को पत्र भेजकर ओवरब्रिज के दोनों और लोहे की रेलिंग लगवाने तथा संकेतक लगवाने की मांग की थी। जिस पर ब्रिज पर दोनों ओर लोहे की रेलिंग लगवाने का काम शुरू करवा दिया।
क्षेत्रीय निवासी अजय सिंह, दऊवा, राकेश पटेल, सौरमंडल शुक्ला, सुनील सागर, प्रवेश वर्मा व मयंक रंजन द्विवेदी ने कहा, अगर यही काम पहले हुआ होता तो कई जानें बच जातीं। एनएचआई के परियोजना निदेशक एनएन गिरी ने बताया कि बछरावां कस्बा स्थित ओवरब्रिज पर दोनों और लोहे की रेलिंग लगवाई जा रही है। गति धीमी करने के संकेतक भी लगवाए जाएंगे।