रायबरेली। जिलेभर में 28 मई को मनाए जाने वाले बकरीद पर्व को लेकर पुलिस और प्रशासन पूरी तरह से अलर्ट मोड पर आ गया है। त्योहार को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। संवेदनशील इलाकों, ईदगाहों, मस्जिदों की निगरानी ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। प्रमुख धार्मिक स्थलों के आसपास भारी पुलिस बल तैनात रहेगा।
प्रशासनिक अधिकारियों ने सभी ईदगाह कमेटियों और धर्मगुरुओं के साथ बैठक कर त्योहार को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश जारी किए हैं। बकरीद के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अफवाह को रोकने के लिए जिले के संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में ड्रोन कैमरों से लगातार निगरानी की जाएगी।
पुलिस-प्रशासन ने ऐसे इलाकों की सूची तैयार कर ली है, जहां विशेष सतर्कता बरती जाएगी। अधिकारियों का कहना है कि ड्रोन फुटेज के माध्यम से हर गतिविधि पर नजर रखी जाएगी, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई हो सके। किसी भी आपात सूचना पर त्वरित कार्रवाई के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं।
पुलिस अधिकारियों ने सभी थाना प्रभारियों को लगातार क्षेत्र में भ्रमण कर शांति व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए हैं। मस्जिदों और ईदगाहों की निगरानी ड्रोन कैमरों से अभी से की जाने लगी है। त्योहार के दौरान सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट, अफवाह या सांप्रदायिक माहौल बिगाड़ने वाले संदेशों को रोकने के लिए साइबर सेल और सोशल मीडिया मॉनीटरिंग टीम को सक्रिय कर दिया गया है।
बकरीद त्योहार आपसी भाईचारे, सौहार्द और शांतिपूर्ण माहौल में मनाएं। किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। सुरक्षा के लिए भारी पुलिस बल तैनात रहेगा। संवेदनशील इलाकों में ड्रोन कैमरों से निगरानी भी कराई जाएगी।
रवि कुमार, पुलिस अधीक्षक