जिला अस्पताल की इमरजेंसी में गंभीर हालत में पहुंचे बच्चे को भर्ती करते चिकित्सक।
रायबरेली। भीषण गर्मी में लोग तेजी से बीमारी की चपेट में आ रहे हैं। मंगलवार को जिला अस्पताल में दवा व परचा काउंटरों पर काफी संख्या में लोग उमड़े। ओपीडी कक्षों के बाहर लोग गर्मी से बेहाल दिखे। चिकित्सक को दिखाने के लिए घंटों इंतजार किया। डायरिया और बुखार से पीडि़त 24 से अधिक मरीजों को भर्ती किया गया।
जिला अस्पताल के परचा काउंटरों पर सुबह से ही मरीजों की लाइन लग गई। मेडिसिन, नेत्र रोग विभाग, हड्डी रोग विभाग सहित अन्य विभागों की ओपीडी के बाहर मरीजों की भीड़ देखने को मिली। गर्मी अधिक होने के कारण मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। दवा काउंटर पर लंबी लाइन रही। पैथोलॉजी में रजिस्ट्रेशन कराने और ब्लड का सैंपल देने के लिए मारामारी रही। ओपीडी कक्षों के बाहर लगे पंखे अधिक गर्मी के कारण बेकार साबित हुए।
डायरिया और बुखार के चपेट में आने के बाद सोनालिका (9), आशिया (5), आरोह (3), शिवम (2), स्वास्तिक (10), राकेश (50), लक्ष्मी (18), भीषम (18), आलोक (32), वीरेंद्र (27), राव (2), देवकी (60) समेत 24 से अधिक मरीजों को भर्ती करके इलाज शुरू किया गया। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. पुष्पेंद्र कुमार का कहना है कि गर्मी बढ़ी है। ऐसे में लू से बचने के लिए लोग जरूरत पड़ने पर ही घरों से बाहर निकलें। दिक्कत होने पर अस्पताल पहुंचकर इलाज कराएं। जिला अस्पताल में जांच और इलाज के पर्याप्त बंदोबस्त हैं।