जिला अस्पताल की इमरजेंसी में बुधवार को मरीज को भर्ती कराते लोग।
रायबरेली। मौसम में बदलाव से लोग तेजी से बीमारी की चपेट में आ रहे हैं। जिले में बुखार, जुकाम के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है। हालत बिगड़ने पर बुधवार को जिला अस्पताल में 19 से अधिक मरीजों को भर्ती कराया गया। दोपहर 12 बजे तक ओपीडी होने के बाद भी करीब एक बजे तक मरीज चिकित्सीय सलाह लेने के लिए पहुंचे।
बुधवार को बुखार की चपेट में आने के बाद उदित (25), श्यामू (35), शौर्य (1), सुनीता (25), कृष्णा देवी (60), फूल कुमारी (60), अलमिया (17), कमला देवी (45) समेत 19 से अधिक मरीजों को जिला अस्पताल में भर्ती करके इलाज शुरू किया गया। सीने में दर्द और सांस की समस्या के भी कई मरीजों को भर्ती कराया गया। ओपीडी में भी सुबह से ही भीड़ रही।
मेडिसिन विभाग के साथ ही हॉर्ट रोग विभाग में मरीजों ने पहुंचकर चिकित्सीय सलाह ली। हॉर्ट रोग विशेषज्ञ डॉ. सलीम ने बताया कि सुबह शाम कोहरा और ठंडा-गर्म मौसम बीमारी का कारण बन रहा है। ऐसी स्थिति में लोग एहतियात बरतें। थोड़ी सी लापरवाही बड़ी समस्या बन सकती है, इसलिए समस्या होते ही इलाज शुरू कराएं।