केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने शनिवार को कहा कि रायबरेली में स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर होंगी। स्टाफ और संसाधनों की कमी दूर कराई जाएगी। जल्द ही एम्स की ओपीडी शुरू कराई जाएगी। उन्होंने एनआरएचएम के तहत कराए जा रहे कार्यों में और तेजी लाए जाने की बात कही।
लखनऊ से इलाहाबाद जाते समय कुछ देर के लिए पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में रुकीं केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल ने सीएमओ डॉ. डीके सिंह समेत स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से स्वास्थ्य सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
सीएमओ ने बताया कि स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर करने का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन स्टाफ और संसाधन की कमी से दिक्कतें आ रही हैं। यहां पर 222 डॉक्टरों में से 173 डॉक्टरों की तैनाती है। जो डॉक्टर तैनात हैं, उसमें से भी बीमारी या अन्य कारणों से ड्यूटी कम करते हैं।
इस पर केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री ने कहा कि रायबरेली में स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की पूरी कोशिश की जाएगी। स्टाफ व संसाधन की जो कमी है, उसे दूर कराया जाएगा।