रायबरेली। फतेहपुर निवासी हरिओम की हत्या में बर्बरता की इंतहा हुई। हमलावर उन्हें चोर समझकर करीब चार घंटे तक लाठी-डंडों व बेल्ट से पीटते रहे। गंभीर हालत में उन्होंने जब पानी मांगा तो पिलाने की जगह चेहरे पर पानी फेंक दिया। मौके पर पहुंची संवाद न्यूज एजेंसी टीम की पड़ताल और वायरल वीडियो दिलदहलाने वाली वारदात की तस्वीर को बयां कर रहे हैं। कहने के लिए पुलिस ने नाै आरोपियों को जेल भेज दिया है, लेकिन हरिओम के परिवार को अब भी इंसाफ की दरकार है।
हरिओम बीते बुधवार रात करीब नौ बजे गदागंज इलाके के गोविंदपुर माधव स्थित ढाबा पर पहुंचे थे। ग्रामीणों ने चोर की आशंका में हरिओम को पकड़कर सूचना पुलिस को दी थी। पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। पैदल चलते हुए हरिओम रात करीब एक बजे डाड़ेपुर मजरे ईश्वरदासपुर गांव पहुंचे, जहां चोर समझकर लोग उन पर टूट पड़े। हमलावरों ने एक बजे से हरिओम को पीटना शुरू किया। सुबह चार बजे तक उन्हें पीटते रहे।
डाड़ेपुर से ईश्वरदासपुर रेलवे स्टेशन के बीच की दूरी करीब एक किमी है। डाड़ेपुर से हरिओम को पीटते हुए हमलावर रेलवे स्टेशन पर ले गए और मौत होने पर भाग खड़े हुए। अब पुलिसिया कार्रवाई के डर से डाड़ेपुर, बाहरपुर, पचखरा, मिर्जा इनायत उल्लापुर के लोग गांव छोड़कर बाहर चले गए हैं।
स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति नाराजगी है। उनका कहना है कि पुलिस सजग होती तो शायद यह घटना न होती। लोग यह भी बताते हैं कि जिस समय हरिओम की पिटाई की जा रही थी, उस समय पीआरवी भी गुजरी थी। बावजूद पुलिसकर्मी ने मौके पर रुकना उचित
नहीं समझा।
इस मामले में अब तक गदागंज थाने में तैनात एसआई प्रेम सिंह और पीआरवी 1770 में तैनात सिपाही जय सिंह यादव, हल्का दरोगा कमल सिंह यादव, सिपाही प्रदीप व अभिषेक को निलंबित किया जा चुका है। लापरवाही के आरोप में कोतवाली प्रभारी संजय कुमार को भी हटाया गया है। उधर, अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) संजीव कुमार सिन्हा का कहना है कि घटना में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान की जा रही है। वारदात में शामिल किसी भी हमलावर को बख्शा नहीं जाएगा।