डलमऊ (रायबरेली)। बिझलामऊ गांव में मंगलवार को दो मासूम बेटियों संग एक महिला का शव छत के कुंडे में फंदे से लटका मिला। तीनों शव एक ही फंदे से लटक रहे थे। शुरुआती जांच में पारिवारिक कलह की बात सामने आई है।
महिला का पति लुधियाना में रहता है। पुलिस अधीक्षक आलोक प्रियदर्शी, अपर पुलिस अधीक्षक विश्वजीत श्रीवास्तव ने फॉरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल का जायजा लिया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
बिजलामऊ निवासी हरीलाल काम के सिलसिले में लुधियाना में है। उसकी पत्नी बिटाना (32) अपनी दो मासूम बेटियों जानवी (5) व सौम्या (3) के साथ ससुराल स्थित घर पर रहती थीं। सास मालती, ससुर रामलखन व देवरानी रोशनी भी साथ में रहते थे। बिटाना का पति हरीलाल और देवर सद्दू लुधियाना में रहते हैं।
हरीलाल का सबसे छोटा भाई अनिल अपने माता-पिता के साथ ही गांव स्थित घर पर रहता था। ससुर रामलखन के मुताबिक वह पत्नी मालती के साथ खेत में झोपड़ी बनाकर रहते थे।
घर पर सिर्फ दोनों बहुएं रहती थीं। सोमवार शाम उसकी बहू बिटाना खाना खाकर घर चली आई थी। गांव स्थित दो मंजिला मकान में रोशनी पहली मंजिल पर व बहू बिटाना भूतल पर रहती थी।
मंगलवार सुबह जब छोटी बहू नीचे उतरी तो देखा बिटाना के कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था। किसी तरीके से दरवाजा खोला तो बिटाना अपनी दो मासूम बेटियों के साथ छत के कुंडे में रस्सी के बने फंदे से लटक रही थी। एक ही फंदे से महिला और उसकी बेटियों के शव लटके देख वह सहम गई।
खबर पाकर परिवार के लोग भी आ गए। कोतवाल पंकज त्रिपाठी ने घटना की जांच की। शुरुआती जांच में पता चला है कि पारिवारिक कलह के चलते महिला परेशान रहती थी।
कोतवाल ने बताया कि महिला और उसकी बेटियों की हत्या की गई है, यह उन्होंने खुदकुशी की है, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ होगा।
पिता बोले, बेटी संग आए दिन होती थी मारपीट
खबर पाकर बिटाना के पिता हरीशंकर भी मौके पर पहुंचे। तीन शव देखकर हरिशंकर फफक-फफक कर रो पड़े। पिता का दबी जुबान कहना था कि ससुरालीजन आए दिन उसकी बेटी के साथ मारपीट करते थे।
तीन दिन पहले ही बेटी ने रोते हुए अपना दर्द बयां किया था। मृतका का पति आए दिन फोन पर गाली-गलौज करता था। पिता का कहना है कि घटना की जांच कराकर मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।
भयावह थी तस्वीर, खड़े हो गए रोंगटे
महिला और उसकी मासूम बेटियों का शव एक ही रस्सी से बने फंदे से लटक रहा था। जिसने भी यह दृश्य देखा सहम गया। एक साथ फंदे पर लटक रहे तीन शव देख लोगों के रोंगटे खड़े हो गए। फिलहाल पुलिस घटना की पड़ताल कर रही है।
जल्द होगा मामले का खुलासा
अब तक की जांच में यह बात सामने आई है कि पहले महिला ने बेटियों को फंदे पर लटकाया और फिर खुद गले में रस्सी बांधकर लटक गई। महिला और उसके पति के बीच अनबन होने की भी जानकारी मिली है। मृतका के मोबाइल को कब्जे में ले लिया गया है। मोबाइल कॉल डिटेल के जरिये घटना की गुत्थी सुलझाने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।
आलोक प्रियदर्शी, पुलिस अधीक्षक