भदोखर थाना क्षेत्र के मुंशीगंज कस्बा स्थित केएन पब्लिक स्कूल में सवाल गलत होने पर गुरुजी द्वारा कक्षा चार के छात्र को पीटने का मामला प्रकाश में आया है।
छात्र के बाबा ने मुंशीगंज चौकी में शिक्षक के खिलाफ केस दर्ज कराने के लिए तहरीर दी है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
मुंशीगंज स्थित केएन पब्लिक स्कूल में क्षेत्र के ही मधुपुरी गांव निवासी कृष्ण कुमार दीक्षित का नाती वैभव दीक्षित कक्षा चार का छात्र है।
मुंशीगंज चौकी में दी तहरीर में पीड़ित कृष्ण कुमार दीक्षित ने आरोप लगाया है कि 22 फरवरी को शिक्षक सीमान सिंह ने वैभव को 16 का पहाड़ा व भाग का सवाल दिया।
सवाल गलत होने पर शिक्षक ने उसकी बेरहमी से पिटाई कर दी। इससे वैभव के शरीर पर चोट के निशान बन गए। आरोप लगाया कि स्कूल पहुंचकर प्रधानाचार्य व प्रबंधक से बात करने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने एक भी नहीं सुनी।
उधर, केएन पब्लिक स्कूल के प्रधानाचार्य सुशील कुमार सिंह का कहना है कि बच्चों को अनुशासन में रखने के लिए उन पर दबाव बनाया जाता है।
एक-दो छड़ी शिक्षक ने मार भी दिया तो इसमें कुछ गलत नहीं किया। परिवारीजन मामले में बिना वजह तूल देने का काम कर रहे हैं।
बच्चे के भविष्य को सुधारने का काम स्कूल में किया जा रहा है। बच्चे को किसी तरह से परेशान नहीं किया गया है। मुंशीगंज चौकी इंचार्ज रामकुमार आदिम ने बताया कि तहरीर मिलने के बाद मामले की जांच चल रही है।