रायबरेली। महराजगंज कस्बे के लोहा और सरिया के थोक विक्रेता के गोदाम पर केंद्रीय वस्तु एवं सेवा कर (जीएसटी) की टीम ने बृहस्पतिवार शाम को छापा मारा। लखनऊ से पहुंची टीम ने करीब सात घंटे पड़ताल की। टीम ने दुकान में सरिया व अन्य सामग्रियों के स्टॉक का बिलों से मिलान किया। अधिकांश सामग्रियां बिना बिल के मिलीं।
जीएसटी टीम दुकान का लैपटॉप और कई महत्वपूर्ण रजिस्टर अपने साथ ले गई है। सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई जिले की एक बड़ी सरिया निर्माण फैक्टरी में चल रही जीएसटी जांच से जुड़ी है। महराजगंज में जिस सरिया व्यापारी के गोदाम में छापा मारा गया है, उसके संचालक पिछले 10 वर्षों से कबाड़ का व्यवसाय कर रहे हैं। वह गांवों से कबाड़ खरीदकर सरिया फैक्टरी को देते थे। वहां से सरिया खरीदकर आसपास के जिलों के छोटे दुकानदारों को थोक व खुदरा सप्लाई करते थे। उनके पास लोहे की रिंग बनाने का कारखाना भी है।