यूपी के रायबरेली में जमीन के लालच में नाती ने अपनी नानी की हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी कमरे का दरवाजा बंद करके भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। मृतका के भाई की तहरीर पर नामजद नाती के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
विज्ञापन
घटना जगतपुर थाना क्षेत्र के पूरे हरभजन मजरे साहूकुआ गांव की है। गांव निवासी विधवा वृद्ध महिला प्रभुदेई (70) पत्नी स्व. जागेश्वर की दो पुत्रियां गायत्री और गीता हैं। दोनों विवाहित हैं। उनके बेटे मृतका के साथ रहते थे। शुक्रवार सुबह बड़ी पुत्री का बेटा पुष्पेंद्र मजदूरी पर गया था। छोटी पुत्री का बेटा बाबी घर पर था।
पुष्पेंद्र घर लौटा तो नानी घर में नहीं मिली। पड़ोसियों से पूछताछ के बाद कमरे का दरवाजा खोलने पर प्रभुदेई का शव अंदर पड़ा मिला। उनके सिर पर चोट के निशान थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
विज्ञापन
डीह थाना क्षेत्र के लोधवारी निवासी मृतका के भाई जगदीश प्रसाद ने नाती बाबी को नामजद करते हुए तहरीर दी है। तहरीर में बताया कि जमीन के लालच में वारदात को अंजाम दिया गया है। थाना प्रभारी पंकज त्यागी ने बताया कि तहरीर मिल गई है। रिपोर्ट दर्ज करके आरोपी की तलाश की जा रही है।