रायबरेली। जगतपुर के मायमऊ मजरे टिकठा मुसल्लेपुर गांव में शनिवार रात चोरों ने दो घरों के ताले तोड़कर नकदी और जेवरात पार कर दिए। पीड़ितों के मुताबिक, चोरी गए सामान की कीमत करीब तीन लाख रुपये है। सुबह जानकारी होने पर पुलिस को सूचना दी गई।
गांव निवासी सूर्यबख्श सिंह का परिवार घर में सो रहा था। रात में चोर दरवाजे का ताला तोड़कर घर के अंदर घुस गए। कमरे में रखी अलमारी और बक्से का ताला तोड़कर उसमें रखे नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चोरी कर लिए। इसके बाद चोरों ने गांव के ही रुद्र प्रकाश पटेल के घर को निशाना बनाया। कमरे का ताला तोड़कर बक्से में रखे करीब एक लाख रुपये के जेवरात और पांच हजार रुपये नकदी चुरा ले गए।
एक ही रात में दो घरों में चोरी की घटना से गांव में दहशत है। पीड़ितों ने बताया कि दोनों घरों से करीब तीन लाख रुपये के जेवरात और नकदी चोरी हुई है। सूचना पर पुलिस ने गांव पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया और जांच शुरू कर दी। सीओ डलमऊ गिरजाशंक त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस व एसओजी को घटना के खुलासे के लिए लगाया गया है।