बीडीसी पदों के काफी परिणाम घोषित कर दिए गए, लेकिन डीडीसी पदों पर देर रात तक मतगणना जारी रही। जीत मिलने पर बीडीसी प्रत्याशी खुशी से झूम उठे। जबकि डीडीसी के प्रत्याशी के आगे होने पर समर्थक खुशी से झूम उठते और पीछे होने पर मायूस हो जाते।
जगतपुर ब्लॉक प्रमुख और उनके भाई बीडीसी के चुनावी अखाड़े में पराजित हो गए। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्री मनोज पांडेय के भाई अमिताभ पांडेय, एमएलसी दिनेश प्रताप सिंह की अनुज वधू सुमन सिंह, भाई अवधेश सिंह, सरेनी विधायक देवेंद्र प्रताप सिंह का बेटा दिव्यांबर सिंह डीडीसी पद पर कभी पीछे तो कभी आगे चलते रहे।
कड़ी सुरक्षा के बीच सभी ब्लॉकों में मतगणना शुरू कराई गई। 12 बजे के बाद एक-एक करके ब्लॉकों में बीडीसी पदों के परिणाम सामने आते गए। बीडीसी में जगतपुर प्रथम से जगतपुर के निर्वतमान ब्लॉक प्रमुख विश्वनाथ प्रताप सिंह उर्फ बब्बन सिंह, जगतपुर तृतीय से उनके भाई दल बहादुर सिंह चुनाव हार गए।
उधर डीडीसी पद को लेकर कोई परिणाम घोषित नहीं किया जा सका। देर रात मतगणना जारी रही। जिले में डीडीसी, बीडीसी के 7863 प्रत्याशी चुनावी मैदान में थे। डीएम सूर्यपाल गंगवार और एसपी श्रीकांत सिंह ने मतगणना स्थलों का जायजा लिया। जहां पर जो कमियां मिलीं, उसे दुरुस्त करने के निर्देश दिए।
खासकर सुरक्षा व्यवस्था में किसी तरह की चूक होने पर पुलिस कर्मियों को कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बैसवारा डिग्री कॉलेज परिसर में जिला पंचायत के तीन क्षेत्रों की मतगणना जारी है। अधिकारिक सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार लालगंज प्रथम में शाम छह बजे तक की गणना में 1200 मत पाकर मनोज कुमार चौधरी बढ़त बनाए हुए है।
लालगंज द्वितीय निर्वाचन में सरेनी से सपा विधायक देवेंद्र प्रताप सिंह के पुत्र दिव्यांवर सिंह की शाम छह बजे तक की गणना में स्थिति कमजोर बताई जा रही थी। लालगंज तृतीय निर्वाचन क्षेत्र में 1400 वोट पाकर अमरेंद्र यादव आगे चल रहे थे।