रायबरेली। त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव शांतिपूर्वक कराने और आचार संहिता के शत प्रतिशत अनुपालन के लिए डीएम वैभव श्रीवास्तव ने दिशा-निर्देश जारी किए हैं। एसडीएम, बीडीओ व पुलिस को कस्बों और गांवों में सार्वजनिक स्थानों पर लगी चुनाव सामग्री को हटवाने के आदेश दिए हैं। आचार संहिता का शत-प्रतिशत अनुपालन कराने और उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए हैं।
डीएम ने कहा कि अधिकारी और कर्मचारी चुनाव संबंधी कार्यों को तत्काल पूरा करवाएं। बूथों पर समुचित व्यवस्था कराई जाए। अन्य तैयारियों को भी समय से पूरा कराया जाए। उन्होंने एडीएम, नगर मजिस्ट्रेट, एसडीएम, बीडीओ आदि अधिकारियों को चुनाव आचार सहिता का अनुपालन कराने का आदेश दिया है।
नगरीय निकाय एवं विकास खंडों के चौराहों व गांवों क्षेत्रों में लगी चुनाव सामग्री को तत्काल हटवाया जाए। बूथों पर बिजली, पेयजल, शौचालय, चुनाव सामग्री, बैलेट बाक्स, खानपान, मतदाता सूची, यात्रा भत्ता आदि का काम पूरा कराएं। मतपेटियों को रखने के लिए स्ट्रांग रूम को दु़रुस्त कराने के साथ ही सुरक्षा के बंदोबस्त कराने के निर्देश दिए।