रायबरेली में मंगलवार को गैस एजेंसी पर जांच करते डीएसओ।
- फोटो : अमर उजाला
डीएसओ वीआर अहिरवार ने मंगलवार को गांधी नगर स्थित गैस एजेंसी के गोदाम में छापा मारा। इसमें एजेंसी के अंदर चल रहे गोलमाल का पर्दाफाश हुआ। मौके पर 30 सिलेंडर गायब मिले। वहीं ट्रक में लदे 41 सिलेंडरों में गैस कम मिली। इस पर डीएसओ ने मामले में गैस एजेंसी संचालक से स्पष्टीकरण मांगा है।
जिला आपूर्ति अधिकारी ने क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी रविंद्र सिंह, रमेश कुमार, आपूर्ति निरीक्षक मुबीनुद्दीन सिद्दीकी और कौशलेंद्र कुमार के साथ मंगलवार दोपहर समृद्धि गैस एजेंसी के गोदाम का औचक निरीक्षण किया।
मौके ट्रक में लदे सिलेंडरों की तौल कराई। 41 सिलेंडरों में गैस कम मिली। इसके बाद गोदाम में सिलेंडरों की गिनती कराई। इसमें 30 सिलेंडर कम मिले। परिसर में लगा तौल कांटा भी सहीं नहीं मिला।
यहीं नहीं मौके पर मौजूद कनेक्शनधारकों की रसीद में होम डिलवरी का अतिरिक्त 18 रुपये चार्ज भी जुड़ा मिला। इस पर डीएसओ ने फटकार लगाई। उन्होंने बताया कि गोदाम में लगा फायर किट में डेट भी नहीं पड़ी है। मामले में गैस एजेंसी संचालक को नोटिस जारी करते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है। साथ ही इंडेन कंपनी को भी पत्र लिखा जाएगा।