रायबरेली। ढाई लाख कीमत का गांजा बरामद करते हुए पुलिस ने मंगलवार को छह तस्करों को गिरफ्तार किया। सदर कोतवाली प्रभारी शिवशंकर सिंह के मुताबिक सुबह पांच बजे शहर के चार सिंगल मोड़ के पास चेकिंग के दौरान कार से आठ किलो गांजा बरामद हुआ।
कार पर सवार ऊंचाहार कोतवाली क्षेत्र के कोटरा बहादुरगंज निवासी अनुज, पूरे अयोध्या निवासी जयकिशन उर्फ चमन और लखनऊ जिले के सरोजनीनगर थाना क्षेत्र के फर्रूखाबाद निवासी रामबाल को पकड़ा गया है। बरामद गांजे की अंतरराष्ट्रीय बाजार में करीब दो लाख रुपये कीमत है। कार से 4020 रुपये की नकदी, तीन मोबाइल फोन भी बरामद किया गया है। कार को कब्जे में लेकर सीज किया गया है।
कोतवाली प्रभारी का कहना है कि जांच में पता चला है कि यह लोग काफी समय से गांजा की बिक्री का कार्य कर रहे थे। डीह थाना प्रभारी जितेंद्र मोहन सरोज ने बताया कि डीह थाना क्षेत्र के पूरे तुमनदार मजरे लोधवारी निवासी रामकृष्ण उर्फ शानू, विकास पाठक, सीहीपुर निवासी सिद्धार्थ सिंह को पकड़ा गया है। इन तीनों की निशानदेही पर 1250 ग्राम गांजा, तीन मोबाइल और एक बाइक बरामद की गई है। बरामद गांजे की कीमत 50 हजार रुपये है।