रायबरेली। महज 50 रुपये के लेनदेन के विवाद में सोमवार रात चाट दुकानदार समेत दो लोगों ने युवक के गले में चाकू मार दिया। इससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने चाट दुकानदार और उसके साथी को गिरफ्तार कर लिया है। तिलियाकोट निवासी सलमान (30) मजदूरी करते हैं।
रात करीब नौ बजे बस स्टेशन चौराहे पर नशे की हालत में सलमान का चाट दुकानदार से 50 रुपये के लेनदेन को लेकर विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ी कि चाट दुकानदार और उसके साथी ने सलमान के साथ मारपीट शुरू कर दी। चाट दुकानदार ने सलमान के गले में चाकू मार दिया, जिससे वह खून से लथपथ हो गया। बस स्टेशन चौराहे पर हुई घटना से सनसनी फैल गई।
घटना की जानकारी पर पुलिस ने घायल सलमान को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। सदर कोतवाली प्रभारी शिवशंकर सिंह ने बताया कि घायल युवक की मां कदीरुन पत्नी असलम की तहरीर पर शहर इलाके के मुरैयापुर अमरनगर निवासी चाट दुकानदार शिवनाथ प्रजापति, खिरकीपुर डबल फाटक निवासी शैलेंद्र सोनकर उर्फ सोनी के खिलाफ जानलेवा हमला करने का केस दर्ज किया गया है। दोनों को जेल भेजा गया है। आपस में मिलकर सभी नशा कर रहे थे।