नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ फैशन टेक्नोलॉजी (निफ्ट) का वार्षिकोत्सव फैशन स्पेक्ट्रम यूटोपिया गुरुवार को धूमधाम से प्रारंभ हुआ। प्रतिभागियों ने वीव योर ड्रीम पर अपने-अपने हुनर का प्रदर्शन किया। इस दौरान फ्यूजन डांस तो किसी ने सोलो डांस में खूब धमाल मचाया।
इसमें रायबरेली के अलावा लखनऊ, वाराणसी, कानपुर, इलाहाबाद के छात्र-छात्राएं शामिल हुए। कार्यक्रम का उद्घाटन गुरुवार सुबह निफ्ट निदेशक डॉ. भारत शाह ने दीप प्रज्वलित कर किया। कहा कि निफ्ट के इस कार्यक्रम में विविध रूप देखने को मिलते हैं।
वर्तमान फैशन के साथ युवा सोच की झलक भी देखने को मिलती है। संयुक्त निदेशक अखिल सहाय ने कहा कि निफ्ट प्रतिभागियों को हर सुविधा मुहैया करा रहा है। इसके बाद छात्राओं ने फ्यूजन डांस आधारित श्रीगणेश वंदना प्रस्तुत किया। वहीं सोलो डांस में सभी झूम उठे।
इसके अलावा पहले दिन फोटोग्राफी, वाद-विवाद, वॉलीबॉल, कैरम, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, थ्रो बाल, टीशर्ट पेंटिग, ऐड सेल्फी, माइंड स्वीप, अंताक्षरी, एकल गायन हुआ। देर रात फैशन स्टायलिंग की प्रतियोगिता आकर्षण का केंद्र रही।
प्रतियोगिता में निफ्ट, नाइपर, एफजीआईटी, मॉर्डन कॉलेज, बीआर अंबेदकर यूनीवर्सिटी लखनऊ, एनएलयू, एफआईईएमआईटीएस कॉलेज शामिल हुए। निफ्ट के प्रवीण श्रीवास्तव ने बताया कि सभी खेलों का फाइनल मुकाबला 17 फरवरी को खेला जाएगा। मुख्य अतिथि पुलिस उपमहानिरीक्षक (टेलीकॉम) अपर्णा कुमार विजेता खिलाड़ियों को पुरस्कृत करेंगी।
निफ्ट के फैशन स्पेक्ट्रम में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से सरकार से पुरस्कृत हस्त शिल्प कारीगरों ने उत्पादों का स्टॉल लगाया। महराजगंज के मुस्ताक अहमद ने अपने हस्त शिल्प उत्पादों का प्रदर्शन किया।
नगीना से आए आफताब अहमद ने वुडन ब्रास, वुडन पेन स्टैंड, विजिटिंग रैक्स, खिलौने एवं वुडेन ज्वैलरी आदि उत्पादों का प्रदर्शन किया। साथ ही एक बुॅक फेयर भी आयोजित हुआ। इसमें दिल्ली, लखनऊ, गोरखपुर आदि के पब्लिशर्स ने फैशन, डिजाइन, मैनेजमेंट एवं साहित्य की पुस्तकों का प्रदर्शन किया।