नसीराबाद। पुलिस ने रविवार को मवेशियों से लदी पिकअप को पकड़ कर चार तस्करों को हिरासत में लिया है। पिकअप में दो भैंस व चार पड़वा लदे थे। मवेशियों को आसपास के किसानों के सुपुर्द कर जांच शुरू की गई है। तस्करों ने बताया कि वे मवेशियों को किसानों से खरीदकर अमेठी लेकर जा रहे थे।
थानाध्यक्ष पवन कुमार सोनकर ने बताया कि इमरती कुआं के पास से एसआई विनोद कुमार ने टीम के साथ पिकअप को पकड़ा। पिकअप सवार लोगों ने भागने का प्रयास किया तो घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया गया। डीह थाना क्षेत्र के सेनाचक मजरे खेतौधन निवासी वाहन चालक राहुल यादव, कल्लू उर्फ बब्बन, दुबे का पुरवा मजरे दिलावलपुर निवासी सुनील कुमार व परशदेपुर निवासी कुलदीप को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। आरोपियों के पास कोई वैध कागजात नहीं मिले। सभी के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मवेशियों को आसपास के किसानों के सुपुर्द किया गया है, ताकि उनकी उचित देखभाल हो सके। वाहन को कब्जे में लेकर जांच कराई जा रही है।