मृतक पुलिसकर्मी को सलामी देते थानाध्यक्ष विंध्य विनय।
- फोटो : मृतक पुलिसकर्मी को सलामी देते थानाध्यक्ष विंध्य विनय।
शिवगढ। बांदा-बहराइच हाईवे पर रानीखेड़ा गांव के पास शनिवार रात घने कोहरे के कारण सड़क पर खड़े ट्रक से बाइक टकरा जाने से निहाल खेड़ा मजरे भौसी निवासी सिपाही शिव नारायन (25) की मौत हो गई थी। रविवार शाम को उनका शव गांव लाया गया तो उन्हें नम आंखों से विदाई दी गई। राजकीय सम्मान के साथ सिपाही का अंतिम संस्कार किया गया। शिव नारायन जौनपुर के सुजातगंज थाने में तैनात थे। वह शनिवार देर रात लखनऊ से नेट का पेपर देकर बाइक से घर लौट रहे थे। रास्ते में रानीखेड़ा के पास हादसा होने से उनकी मौत हो गई थी। रविवार को अंतिम संस्कार के समय सुजातगंज और शिवगढ़ थाने की पुलिस ने गार्ड ऑफ ऑनर से सिपाही को अंतिम सलामी दी। शिवगढ़ थानाध्यक्ष विन्ध्य विनय का कहना है कि घने कोहरे के चलते हादसा हुआ है। मामले में जांच की जा रही है।
परिजन रो-रोकर बेहाल
सिपाही शिव नारायन सात भाइयों में तीसरे नंबर पर थे। उनकी मौत से बड़े भाई गोविंद नारायन, प्रेम नारायन, छोटे भाई राजनारायन, शिवम्, सत्येंद्र नारायन, अमरजीत, बहन रेखा, सीमा व पिता रामलौटन रो-रोकर बेहाल रहे। सात भाइयों में शिव नारायन और प्रेम नारायन सरकारी नौकरी में थे।